Spread the love

इन्दौर । वन विभाग के एक रेंजर पर युवती ने शादी का झांसा देकर होटल में दुष्कर्म करने का आरोप लगाते पुलिस को शिकायत दर्ज कराई है। मामला आजाद नगर थाना क्षेत्र का है। पुलिस के अनुसार 26 वर्षीय युवती ने अपनी दर्ज शिकायत में बताया कि उसकी पहचान करीब एक वर्ष पहले इंस्टाग्राम के माध्यम से बड़वानी जिले के जुलवानिया निवासी अजय सोलंकी से हुई थी। अजय ने खुद को वन विभाग में रेंजर बताया और शादी का भरोसा दिलाकर उसका विश्वास जीत लिया। बातचीत के दौरान दोनों के बीच नजदीकियां बढ़ीं। इसी दौरान उसने अलग-अलग बहाने बनाकर उससे कई बार रुपए भी लिए। करीब दो महीने पहले अजय इंदौर आया और उसको एक होटल में मिलने बुलाया। वहां उसने जल्द शादी करने का वादा दोहराया और इसी भरोसे का फायदा उठाकर उसके साथ दुष्कर्म किया। इसके बाद उसने जब भी शादी का कहा तो अजय आश्वासन देता रहा, लेकिन जब उसने दबाव बनाया तो वह टालमटोल करने लगा और आखिरकार शादी करने से साफ इनकार कर दिया। खुद को ठगा महसूस करने के बाद उसने आजाद नगर थाने पहुंचकर शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने आरोपी रेंजर अजय के खिलाफ दुष्कर्म सहित अन्य संबंधित धाराओं में मामला दर्ज कर जांच कार्रवाई शुरू कर दी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *