
पेट्रोल पंप संचालक से दर्ज मामले को रफा-दफा करने के ऐवज में मांगे थे 4 लाख
भोपाल। राजधानी भोपाल की लोकायुक्त टीम ने नापतौल विभाग के रिटायर इंस्पेक्टर हरिप्रसाद पटेल को 1 लाख की रिश्वत लेते हुए रंगे हाथो दबोचा है। आरोपी रिटायर्ड इंस्पेक्टर नापतौल विभाग के प्रभारी उप नियंत्रक (डिप्टी कंट्रोलर) नसीमुद्दीन के इशारे पर रकम लेने पहुंचा था। आरोप है कि एमपी नगर जोन-2 स्थित प्रगति पेट्रोल पंप के संचालक से दर्ज प्रकरण खत्म करने और सील किए गए तीन नोजल खुलवाकर दोबारा स्टैंपिंग कराने के एवज में 4 लाख रुपए की रिश्वत मांगी गई थी। बाद में सौदा साढ़े तीन लाख में तय हुआ।

पहली किस्त के रूप में गुरुवार को 1 लाख रुपए लेते समय लोकायुक्त ने हरिप्रसाद को
इंडियन कॉफी हाउस में रंगेहाथ पकड़ लिया। इसके बाद लोकायुक्त टीम जेके रोड स्थित नापतौल विभाग कार्यालय पहुंची और डिप्टी कंट्रोलर नसीमुद्दीन को भी भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के तहत मुख्य आरोपी बनाते हुए प्रकरण दर्ज किया। मिली जानकारी के अनुसार प्रगति पेट्रोल पंप के संचालक अमित सिंह बघेल ने बीती 24 जून को लोकायुक्त एसपी सुनील पाटीदार से लिखित शिकायत करते हुए बताया था की विभाग ने निरीक्षण के दौरान उनके पेट्रोल पंप के तीन नोजल सील कर दिए थे। आरोप था कि उनसे 1 से 5 मिलीलीटर तक कम पेट्रोल निकल रहा है। बाद में कंपनी के अधिकृत जांच अधिकारी ने उन्हीं नोजल की दोबारा जांच की, जिसमें वे निर्धारित मानकों के अनुरूप पाए गए। इसके बावजूद केस खत्म करने और सील हटवाकर दोबारा स्टैंपिंग कराने के नाम पर रिश्वत मांगी जा रही थी। रिश्वत की मांग करने वाले नसीमुद्दीन का मूल पद वरिष्ठ निरीक्षक है, और अभी भोपाल जोन में प्रभारी डिप्टी कंट्रोलर हैं। बताया गया है की नसीमुद्दीन घूस की रकम लेने के लिए खुद सामने नहीं आते थे। वहीं पकड़े गये हरिप्रसाद साल 2023 में निरीक्षक पद से रिटायर हो चुके थे। लेकिन रिटायरमेंट के बाद भी हरिप्रसाद विभागीय मामलों में नसीमुद्दीन के लिए सक्रिय भूमिका निभाते हुए गुरुवार को घूस की रकम लेने पहुचें थे। गुरुवार को फरियादी को पहले मनोहर डेयरी बुलाया गया। वहां पहुंचने के बाद उन्हें हरिप्रसाद का फोन आया उसने कहा ‘बोर्ड ऑफिस के पास आ जाओ, साहब ने जो कहा है, वह मुझे लेना है।’ इसके बाद इंडियन कॉफी हाउस में हरिप्रसाद ने जैसे ही उन्होनें रिश्वत के 1 लाख रुपए अपनी कार में रखे। तभी वहॉ पहले से घात लगाकर बैठी डीएसपी अजय मिश्रा व टीम ने उन्हें धर दबोचा।
