बैंक मैनेजर ने वेयर हाउस संचालक, कंपनी कर्मचारियो से सांठगांठ कर लगाई चपत

भोपाल/ ग्वालियर । पंजाब नेशनल बैंक की ब्रांच अशोकनगर से वेयर हाउस के संचालक, एनसीएमएल कंपनी के कर्मचारी और अन्य हितग्राहियों द्वारा मिली भगत कर 549.88 लाख के गबन किये जाने के मामले में ईओडब्ल्यू ने तत्कालीन ब्रांच मैनेजर,वेयर हाउस संचालक सहित अन्य हितग्राहियों के खिलाफ एफआईआर दर्ज की है। विभाग द्वारा साझा की गई जानकारी के अनुसार पंजाब नेशनल बैंक अशोकनगर के ब्रांच मैनेजर द्वारा एसपी ईओडब्ल्यू ग्वालियर को बैंक में हुई वित्तीय अनियमितता के संबंध में शिकायत की गई थी। ईओडब्ल्यू मुख्यालय भोपाल द्वारा प्रारंभिक पीई दर्ज कर मामले की जॉच एसपी ईओडब्ल्यू ग्वालियर को सौंपी गई थी। जांच में सामने आया की शाखा प्रबंधक पंजाब नेशनल बैंक शाखा अशोकनगर, नितिन जायसवाल द्वारा एनसीएमएल कंपनी के कर्मचारी राजकुमार मीणा व सचिन्द्र जैन व वेयर हाउस के संचालक राजेन्द्र कुमार एवं श्रयांश कुमार से मिलकर अपात्र हितग्राहियों बुंदेल सिंह गुर्जर, सुरेश सिंह यादव, बृजेश गुर्जर (फोत), सत्यपाल सिंह, विमलेश राजपूत, गजेन्द्र सिंह राजपूत को साल 2016 से 2019 तक कुल 549.88 लाख रूपये का लोन स्वीकृत करने के बाद उस लोन की रकम अदा किये बिना वेयर हाउस में रखे माल को रिलीज करने से बैंक को 549.88 लाख रूपये की आर्थिक क्षति पहुचांई गई है।
इस तरह किया गोलमाल
छानबीन में पता चला की बैंक अधिकारी द्वारा हितग्राहियों के बैंक लोन स्वीकृत करने से पूर्व उनकी सिविल का सत्यापन नहीं किया गया। जिस खाद्यान पर लोन लिया गया है, उसके संबंध में संबंधित वेयर हाउस का स्टॉक तथा स्टॉक रजिस्टर चैक नहीं किया गया। बैंक अधिकारी द्वारा लोन आवेदन एवं वेयर हाउस में रखे माल की रसीद प्राप्त होने पर उक्त खाद्यान के सत्यापन हेतु नियमानुसार कोलेट्रल मैनेजर को कोई पत्र जारी नहीं किया गया और ना ही उक्त संबंध में ब्रांच मैनेजर द्वारा कोई रिकॉर्ड संधारित किया गया। इतना ही नही लोन लेने वालो ने रकम लेने के बाद लोन अदा नहीं किया गया और ना ही वेयर हाउस में रखे माल को रिलीज हेतु कोई आवेदन किया गया। फिर भी संबंधित बैंक अधिकारियों द्वारा उस माल के रिलीजिन ऑर्डर जारी कर बैंक को आर्थिक क्षति पहुचांई गई।
इनके खिलाफ दर्ज हुआ मामला
जांच में आपराधिक साक्ष्य पाये जाने पर नितिन जायसवाल, ब्रांच मैनेजर, हितग्राही राजेन्द्र सिंह राजपूत, बुंदेल सिंह गुर्जर, सुरेश सिंह यादव, सत्यपाल सिंह, राजकुमार मीणा, सचिन्द्र जैन, विमलेश राजपूत, राजेन्द्र कुमार, वेयर हाउस मालिक, श्रयांश कुमार, वेयर हाउस मालिक एवं अन्य के खिलाफ एफआईआर दर्ज कर आगे की जॉच की जा रही है।
