सीएम का ऑन-द-स्पॉट एक्शन; कहा- लापरवाही बर्दाश्त नहीं

बड़वानी । मुख्यमंत्री डॉ मोहन यादव ने शुक्रवार को बड़वानी जिले में जन विश्वास अभियान के दौरान सीएम हेल्पलाइन की शिकायतों और लंबित मामलों की समीक्षा की। इस दौरान उन्होंने बड़ा प्रशासनिक एक्शन लिया। कार्य में लापरवाही एवं विलंब के चलते वर्तमान में डिप्टी कलेक्टर आशा परमार सहित दो सीएमओं मायाराम सोलंकी एवं जगदीश धांगड एवं दो पटवारियों मांगीलाल नरगावे, ललित बोरस के अलावा राजपुर के सहायक यंत्री (एई) राजू डाबर को निलंगित कर दिया है। इसकें साथ ही संयुक्त संचालक नगरीय प्रशासन इंदौर एस. के. सिन्हा को कारण बताओ नोटिस जारी किया गया।
मुख्यमंत्री ने मंच से कहा कि जनता के काम में देरी और लापरवाही किसी भी स्थिति में बर्दाश्त नहीं की जाएगी। वहीं नगरीय प्रशासन के संयुक्त संचालक एस.के. सिन्हा को कारण बताओ नोटिस जारी किया गया है।
सीएम बोले- तय समय सीमा में निपटें शिकायतें
कलेक्टर कार्यालय परिसर में आयोजित समाधान कार्यक्रम में मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि सभी जनसमस्याओं का निराकरण तय समय सीमा में किया जाए। उन्होंने कहा कि सीएम हेल्पलाइन की शिकायतों का समय पर समाधान नहीं होने पर जिम्मेदार अधिकारियों के खिलाफ कार्रवाई जारी रहेगी।
इन पर हुई कार्रवाई
प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि के पंजीयन / राशि के भुगतान से संबंधित (राजस्व विभाग) में कार्य में लापरवाही एवं विलंब के लिए संबंधित तहसीलदार (आशा परमार (बर्तमान में डिप्टी कलेक्टर, जिला धार)) को निलंबित करने के निर्देश जारी किए गए।
मामले में दोषी पाए गए दो पटवारियों (मांगीलाल नरगावे, ललित बोरसे) को तत्काल प्रभाव से निलंबित करने के निर्देश जारी किए गए। प्रधानमंत्री आवास योजना (शहरी क्षेत्र) से संबंधित (नगरीय निकाय) के संबंध में की गई कार्यबाही में दो मुख्य नगर पालिका अधिकारियों (सीएमओ) मायाराम सोलंकी एवं जगदीश धांगड़ को निलंबित किया गया। राजपुर के सहायक यंत्री (एई) राजू डाबर को निलंबित किया गया। संयुक्त संचालक नगरीय प्रशासन इंदौर एस. के. सिन्हा को कारण बताओ नोटिस जारी किया गया।
मध्य प्रदेश असंगठित शहरी/ग्रामीण कर्मकार मण्डल संबल योजना के तहत अंत्येष्टि एवं अनुग्रह सहायता राशि के भुगतान में विलंब में हितग्राही को सहायता राशि न मिलने एवं शासकीय कार्य में लापरवाही हेतु पानसेमल जनपद पंचायत के तत्कालीन मुख्य कार्यपालन अधिकारी (सीईओ) सौरभ सिंह राठौर (बर्तमान में जिला संयोजक जनजातीय कार्य विभाग, मुरैना) को निलंबित करने के निर्देश जारी किए गए।
