
बोले- प्रदेश और केंद्रीय स्तर के नेताओं से बातचीत जारी, पार्टी में आने वालों को क्षमता के अनुसार जिम्मेदारी दी जाएगी
बेंगलुरु । कर्नाटक के मुख्यमंत्री डीके शिवकुमार ने रविवार को दावा किया कि भाजपा के कई नेता और कुछ केंद्रीय स्तर के नेता कांग्रेस के संपर्क में हैं। उन्होंने कहा कि इन नेताओं की कांग्रेस के वरिष्ठ नेताओं के साथ बातचीत चल रही है। शिवकुमार के इस बयान से राज्य की राजनीति में एक बार फिर संभावित दल-बदल की अटकलें तेज हो गई हैं।
मुख्यमंत्री शिवकुमार ने कहा कि भाजपा के कई नेता उनसे, कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष और पार्टी के अन्य नेताओं से बातचीत कर रहे हैं। उन्होंने बताया कि जिला स्तर के मंत्रियों और पदाधिकारियों को कांग्रेस में शामिल होने के इच्छुक नेताओं की सूची तैयार करने की जिम्मेदारी दी गई है। शिवकुमार ने कहा कि कांग्रेस उन नेताओं का स्वागत करेगी जो पार्टी की विचारधारा और उसके नेतृत्व में विश्वास रखते हैं। उन्होंने कहा कि पार्टी में शामिल होने वाले नेताओं को उनकी क्षमता और अनुभव के अनुसार जिम्मेदारियां दी जाएंगी। कांग्रेस पहले भी दूसरे दलों से आने वाले नेताओं को संगठन और सरकार में अलग-अलग भूमिकाएं देती रही है और आगे भी जरूरत के अनुसार जिम्मेदारी दी जाएगी।
युवाओं के कांग्रेस की ओर आने का दावा
शिवकुमार ने भाजपा पर निशाना साधते हुए कहा कि युवा पीढ़ी अब राजनीति को नए नजरिए से देख रही है और कांग्रेस को लेकर उम्मीदें बढ़ रही हैं। उन्होंने दावा किया कि भाजपा को करीब 13 वर्षों से सत्ता का अवसर मिला है और अब युवाओं का रुझान कांग्रेस की ओर बढ़ रहा है। मुख्यमंत्री के इस बयान को कर्नाटक में कांग्रेस के संगठन को मजबूत करने और विपक्षी दल के नेताओं को अपने पाले में लाने की रणनीति से जोड़कर देखा जा रहा है।
