
अशोकनगर । दीपावली त्यौहार को दृष्टिगत रखते हुए कलेक्टर सुभाष कुमार द्विवेदी के निर्देशानुसार एसडीएम शुभ्रता त्रिपाठी के नेतृत्व में विगत रात्रि खाद्य सुरक्षा लीना नायक तथा राजस्व एवं पुलिस विभाग की टीम द्वारा ग्वालियर से आने वाली बालाजी की बस में मावा होने की सूचना प्राप्त होने पर छापामार कार्यवाही की गई। कार्यवाही के दौरान बस में मावा नहीं पाया गया। इसी क्रम में गुरूवार को राजस्व विभाग की टीम के साथ खाद्य सुरक्षा अधिकारी द्वारा शहर में सघन जांच कार्यवाही की गई। सुराना स्वीट्स एवं रेस्टोरेंट से चमचम, राघव माधव बर्फी, बूंदी लड्डू, चना दाल नमकीन का नमूना, मगरदा नमकीन से नमकीन, सादा सेव, आलू चिप्स तथा नमकीन बनाने में प्रयुक्त किये जाने वाले मूंगफली दाने का नमूना तथा महावीर स्वीट्स से मलाई टिकिया, मलाई बर्फी, गुलाब जामुन का नमूना लिया गया। नमूना कार्यवाही के दौरान बाजार में नेत्रपाल नामक व्यक्ति के द्वारा दुकानों पर जाकर मोतीचूर लड्डू तथा बेसन लड्डू का विक्रय किये जाने की सूचना प्राप्त होने पर शंकरपुर, मगरदा में धन्नालाल कुशवाह के यहां निवासरत नेत्रपाल बघेल के प्रतिष्ठान की जांच की गई। मौके पर उपलब्ध मोतीचूर लड्डू का नमूना जांच हेतु लिया गया। सभी नमूनों को जांच हेतु राज्य शासन द्वारा अधिकृत प्रयोगशाला में जांच हेतु भेजा गया है। प्राप्त जांच रिपोर्ट अनुसार खाद्य सुरक्षा और मानक अधिनियम, 2006 के अंतर्गत कार्यवाही की जायेगी। आमजन को गुणवत्तापूर्ण खाद्य सामग्री मिल सके, इस क्रम में लगातार नमूना कार्यवाही सभी तहसीलों में की जा रही है। खाद्य सुरक्षा प्रशासन के द्वारा आमजन से भी इस संबंध में अपील की जाती है कि वह सस्ते खाद्य सामग्री के लोभ में आकर खाद्य सामग्री की गुणवत्ता से समझौता न करें एवं किसी भी दुकानदार के द्वारा यदि घटिया खाद्य सामग्री दी जाती है तो वह टोल फ्री नंबर 1800112100, पर अपनी शिकायत खाद्य सुरक्षा प्रशासन अशोकनगर को प्रस्तुत कर सकता है।
बीसी स्वीट्स ने लिया सोहन पपड़ी का नमूना:
शुक्रवार खाद्य सुरक्षा अधिकारी लीना नायक द्वारा नायब तहसीलदार अशोक गौतम के नेतृत्व में राजस्व प्रशासन की टीम के साथ बहादुरपुर स्थित बीसी स्वीट्स एवं नमकीन से मावा बाटी तथा सोहन पपड़ी का नमूना एवं अज्जू रेस्टोरेंट से मावा बर्फी का नमूना लिया जाकर जांच हेतु भेजा गया है रिपोर्ट अनुसार आगे की कार्रवाई प्रस्तावित की जाएगी।
