

सर्वोदय अहिंसा का 42 वां वर्ष – दिव्यांग बच्चों ने भेंट किए मिट्टी के दिये
छिंदवाड़ा – जीव रक्षा एवं पर्यावरण संरक्षण के मुख्य उद्देश्य को लेकर सामाजिक संस्था अखिल भारतीय जैन युवा फेडरेशन छिंदवाड़ा द्वारा वर्ष 1982 से सर्वोदय अहिंसा अभियान चलाया जा रहा है, जिसमें अहिंसा प्रेमीयों द्वारा पूरे देश में प्रतिवर्ष पटाखे रहित दीपावली मनाई जाती है और उससे राशि बचाकर विविध अनुष्ठानों के माध्यम से जनहित के कार्य किए जाते हैं।
इस वर्ष सर्वोदय अहिंसा अभियान का 42 वां वर्ष हैं जिसके तहत फेडरेशन के मीडिया प्रभारी एवं सर्वोदय अहिंसा के प्रदेश संयोजक दीपक राज जैन कै साथ दिव्यांग बच्चों की सेवा में समर्पित संस्था आधार फाउंडेशन के संस्थापक महेश किंथ, अध्यक्ष सरिता पांडे सहित दिव्यांग बच्चों ने प्रशासनिक अधिकारियों से मुलाकात की ओर उन्हें मिट्टी के दिए भेंट कर शुभ दीपावली कहा। इस दौरान दीपक राज जैन ने पोस्टर के माध्यम से सभी को पटाखों से होने वाली हानियां बताई।
इस अवसर पर कलेक्टर शीलेंद्र सिंह ने दिव्यांग बच्चों द्वारा भेंट किए गए दीपों को बहुत ही आत्मीयता से स्वीकार कर उन्हे दीपावली की शुभकामनाएं दी एवं सर्वोदय अहिंसा अभियान के 42 वें वर्ष के पोस्टर का विमोचन किया और अभियान कि सराहना करते हुये कहा कि पर्यावरण संरक्षण की जवाबदारी हम सबकी हैं अतः इस दीपावली हम सब पर्यावरण संरक्षण का संकल्प लें।
इस अवसर पर श्री जैन के साथ सभी दिव्यांग बच्चों ने मुख्य कार्यपालन अधिकारी जिला पंचायत अग्रिम कुमार, एडीएम के. सी. बोपचे, एसडीएम सुधीर जैन, एसीओ एवं उप संचालक सामाजिक न्याय पुरुषोत्तम राजोरिया, जिला शिक्षा अधिकारी जी. एस. बघेल से मुलाकात कर उन्हें मिट्टी के दिए सहित पटाखों से हानियां बताने वाले पोस्टर भेंट किए ओर दीपावली महापर्व की शुभकामनाएं दीं। सभी अधिकारियों ने दिव्यांग बच्चों को अपने हाथों से मिष्ठान खिलाकर असीम स्नेह देते हुए शुभ दीपावली कहा और फेडरेशन द्वारा राष्ट्रीय स्तर पर चलाए जा रहे सर्वोदय अहिंसा अभियान कि सराहना की।
करते हैं जनहित के कार्य –
सकल जैन समाज के साथ फेडरेशन के हजारों सदस्य छिंदवाड़ा सहित पूरे देश में कार्तिक कृष्ण अमावस्या को अहिंसा के प्रणेता तीर्थंकर महावीर भगवान का निर्वाण महोत्सव मनाकर दिव्यांग बच्चों, वृद्धाश्रम के बुजुर्गों, असहाय एवं जरूरतमंदों के बीच जाकर निर्वाण महोत्सव एवं दीपावली की खुशिया मनाते हैं और उन्हें आवश्यक सामग्री एवं मिष्ठान वितरित कर शुभ दीपावली कहकर जियो ओर जीने दो का संदेश देते हैं।
दिव्यांग बच्चों ने तैयार किए आकर्षक दिये –
इस वर्ष दिवाली महापर्व पर आधार फाउंडेशन में निवासरत बौद्धिक एवं मानसिक दिव्यांग बच्चों ने सुंदर सुंदर दियों में आकर्षक पेंटिंग कर शुभ दीपावली का संदेश दिया साथ ही अधिकारियों सहित स्नेही स्वजनों को भेंट कर उसकी प्रदर्शनी भी लगाई ओर सभी का आशीर्वाद प्राप्त किया।
