Spread the love

दूरस्थ अंचल के ग्राम झिरपा में लगा निःशुल्क स्वास्थ्य शिविर

छिन्दवाड़ा। 100 दिवसीय सेवा संकल्प और स्वास्थ्य की श्रृंखला में शुक्रवार को छिन्दवाड़ा जिले के अंतिम छोर में बसे जुन्नारदेव विकासखंड के ग्राम झिरपा में 40वें निःशुल्क स्वास्थ्य शिविर का प्राथमिक स्वास्थ्य केन्द्र में आयोजन किया गया। शिविर का शुभारंभ सांसद बंटी विवेक साहू द्वारा किया गया। शिविर के दौरान कुल 432 लोगों ने अपना पंजीयन कराया, जिसमें से 421 मरीजों का उपचार कर उन्हें निःशुल्क दवाओं का वितरण किया गया। जांच के दौरान मिले 11 गंभीर मरीजों को बेहतर इलाज के लिये जिला चिकित्सालय रेफर किया गया।

स्वास्थ्य शिविर के कार्यक्रम को संबोधित करते हुए सांसद श्री साहू ने कहा कि छिन्दवाड़ा और पांढुर्णा जिले में प्रतिदिन निःशुल्क स्वास्थ्य शिविरों का आयोजन निरंतर किया जा रहा है, जिसमें कुल 32 हजार लोगों का उपचार करके उन्हें निःशुल्क दवाईयों का वितरण किया गया है। शिविरों के दौरान मिले गंभीर मरीजों को जिला चिकित्सालय सहित अन्य महानगरों में स्थित मेडिकल कॉलेजों में रेफर कर उनका बेहतर इलाज किया जा रहा है। अब तक के इतिहास में यह पहला अवसर है कि गांवो में ही स्वास्थ्य शिविर लगाकर लोगों का निःशुल्क इलाज किया जा रहा है। यह सिलसिला आगे भी निरंतर जारी रहेगा। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी एवं मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव की मंशा है कि अंतिम छोर में रहने वाले हर उस जरूरतमंद लोगों को योजनाओं का लाभ दिया जाये जो उनके लिए बनाई गयी है। यह प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की सरकार के बनने के बाद ही संभव हो सका है। अब लोगों के खातों में सीधे राशि भेजकर उन्हें लाभान्वित किया जा रहा है। शिविर के दौरान मिले गंभीर बच्चों को सर्जरी के लिये तत्काल ही जिला अस्पताल रेफर किया गया। इस अवसर पर शिविर में पूर्व जिला पंचायत अध्यक्ष श्रीमति कांता ठाकुर, पूर्व विधायक नत्थन शाह, मण्डल अध्यक्ष सुनिल मर्सकोले, श्रीवतन उपाध्याय, वरिष्ठ भाजपा नेता विरेन्द्र राय, जितेन्द्र (जित्तू) राय, वरिष्ठ भाजपा नेता परमजीत सिंह सहित अन्य भाजपा के पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता व बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित थे।

आज राहीवाड़ा में लगेगा 41वां शिविर

निःशुल्क स्वास्थ्य शिविरों की श्रृंखला में शनिवार को सिंगोडी मंडल के अंतर्गत आने वाली ग्राम पंचायत राहीवाड़ा में स्थित पंचायत भवन में 41वें निःशुल्क स्वास्थ्य शिविर का आयोजन किया गया है। मण्डल अध्यक्ष सोनू सरसवार ने ग्रामीणों से उक्त शिविर का लाभ उठाने की अपील की है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *