Spread the love

चंडीगढ़। पंजाब की मंडियों में नए धान खरीद और पुराने अनाजों की धीमी लिफ्टिंग की समस्या पर आम आदमी पार्टी (आप) ने बुधवार को केन्द्र की भाजपा सरकार के खिलाफ चंडीगढ़ में बड़ा प्रदर्शन किया।
आम आदमी पार्टी द्वारा जारी सूचना के अनुसार चंडीगढ़ में भाजपा दफ्तर का घेराव करने जा रहे आप नेताओं को चंडीगढ़ पुलिस ने हिरासत में ले लिया और रोकने के लिए उनपर वाटर कैनन से पानी की बौछारें बरसाई। आप नेताओं की पुलिस के साथ धक्का-मुक्की और झड़प भी हुई। झड़प के दौरान मंत्री हरजोत बैंस की पगड़ी उतर गई, जिसपर विवाद और बढ़ गया। इसके विरोध में आप नेताओं ने चंडीगढ़ पुलिस और केंद्र सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी की।
प्रदर्शन के दौरान आप कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए पार्टी के वरिष्ठ नेता और पंजाब सरकार के कैबिनेट मंत्री हरभजन सिंह ईटीओ ने कहा कि हर साल अक्टूबर में धान मंडियों में आ जाता है, लेकिन केन्द्र सरकार ने इस बार जानबूझकर लिफ्टिंग नहीं करवाई। अब मंडियों में धान के अंबार लग गए हैं। किसान, आढ़ती, शेलर मलिक और मजदूर सब परेशान हो रहे हैं, लेकिन केन्द्र सरकार नहीं सुन रही है।
ईटीओ ने कहा कि भाजपा के लोग अपनी ग़लती छुपाने के लिए झूठे अफवाह फैला रहे हैं। जबकि सारी समस्याओं की जड़ केन्द्र सरकार और उसकी संस्था एफसीआई है। पंजाब सरकार पिछले सात-आठ महीने से लगातार एफसीआई को पत्र लिख रही थी, खुद मुख्यमंत्री भगवंत मान ने केन्द्रीय मंत्रियों से मुलाकात की लेकिन कोई हल नहीं निकाला गया।
ईटीओ ने कहा कि हमारा प्रदर्शन किसानों-मजदूरों आढ़तियों और शेलर मालिकों के हक में और केन्द्र सरकार के विरोध में है। हम आखरी दम तक किसानों के हक के लिए लड़ेंगे और समस्या का समाधान कराएंगे।
आप मंत्री हरजोत बैंस ने कहा कि केंद्र सरकार ने हमेशा से पंजाब के साथ धक्का किया है। उन्होंने कहा कि आज मैं यहां कोई मंत्री और विधायक के तौर पर नहीं हूँ और न ही आम आदमी पार्टी के कार्यकर्ता होने के नाते यहां आया हूं। आज मैं एक पंजाब के किसान का बेटा होने के नाते यहां आया हूं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *