आयुष्मान पर कैग के सवाल उठाने के बाद केजरीवाल का पीएम से आग्रह
नई दिल्ली। बुधवार को दिल्ली के पूर्व मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने केन्द्र सरकार की योजना आयुष्मान भारत पर सवाल उठाते हुए कहा कि कैग को इस योजना में काफी गड़बड़ियां मिली हैं। दिल्ली सरकार की योजना के तहत दिल्ली के हर शख्स को पांच रुपए की गोली से लेकर करोड़ों रुपए तक का मुफ्त इलाज मिलता है। प्रधानमंत्री को दिल्ली की योजना देशभर में लागू करनी चाहिए। केजरीवाल ने कहा कि अगर प्रधानमंत्री कहेंगे तो इसका लाभ उठाने वाले लाखों लोगों के नाम मैं उनको भेज दूंगा। दरअसल, पीएम मोदी ने मंगलवार को आयुष्मान भारत की योजना का विस्तार देते हुए 70 साल से अधिक उम्र वालों के लिए 5 लाख रुपए तक का मुफ्त इलाज की सुविधा लॉन्च की थी। इस दौरान पीएम ने कहा था कि उन्हें अफसोस है कि इस योजना में दिल्ली और बंगाल शामिल नहीं हैं, क्योंकि दोनों राज्यों की सरकारों ने इसे मंजूरी नहीं दी।
बीजेपी ने आप सरकार के खिलाफ हाईकोर्ट में दायर की याचिका
भाजपा ने दिल्ली में आयुष्मान लागू नहीं करने के आप सरकार के फैसले के खिलाफ हाईकोर्ट में रिट याचिका दाखिल कराई है। इसकी जानकारी दिल्ली भाजपा अध्यक्ष ने बुधवार को दी। अरविंद केजरीवाल ने कहा कि क्या आयुष्मान भारत योजना से लोगों को लाभ हुआ? जिन राज्यों में आयुष्मान योजना लागू है, उन राज्यों में आज तक मैं एक भी व्यक्ति से नहीं मिला जिसका आयुष्मान भारत में इलाज हुआ हो। मेरी प्रधानमंत्री से विनती है कि वे दिल्ली के मॉडल का अध्ययन करें और आयुष्मान भारत योजना की जगह दिल्ली मॉडल को पूरे भारत में लागू करें, जिससे लोगों का जमीन पर फायदा हो।
बीजेपी शासित राज्यों में आयुष्मान पर हो रहा घोटाला
वहीं संजय सिंह ने कहा कि आपकी आय यदि 10,000 रुपए से अधिक है तो आप आयुष्मान भारत का लाभ नहीं उठा सकते। उन्होंने आरोप लगाया कि यह योजना भाजपा शासित राज्यों में सबसे बड़े घोटालों में से एक है। सौरभ भारद्वाज ने कहा कि आयुष्मान भारत एक विफल योजना है। यूपी, हरियाणा और राजस्थान जैसे राज्यों से गरीब मरीज सर्जरी के लिए दिल्ली के अस्पतालों में आते हैं। दिल्ली सरकार के अस्पताल इन मरीजों का मुफ्त इलाज करती है। दिल्ली सरकार की स्वास्थ्य योजनाएं आयुष्मान भारत योजना से कहीं अधिक प्रभावी हैं।

