
दमोह : म.प्र.राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण जबलपुर द्वारा दिये गये निर्देशों के तहत प्रिंसिपल जिला न्यायाधीश/अध्यक्ष जिला विधिक सेवा प्राधिकरण आनंद कुमार तिवारी के मार्गदर्शन एवं जिला न्यायाधीश/सचिव जिला विधिक सेवा प्राधिकरण धर्मेश भट्ट की उपस्थिति में 9 नवम्बर तक आयोजित होने वाले विधिक सेवा सप्ताह दिवस अंतर्गत आज स्थानीय वृद्धाश्रम दमोह में स्वास्थ्य जांच शिविर एवं विधिक जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में जिला न्यायाधीश/सचिव जिला विधिक सेवा प्राधिकरण धर्मेश भट्ट, जिला विधिक सहायता अधिकारी रजनीश चौरसिया, सिविल सर्जन डॉ. राकेश राय, मेडीकल ऑफीसर वीरेन्द्र सिंह लोधी, लेब टेक्पीशियन मकसूद वेग, वृद्धाश्रम प्रबंधक वीरेंद्र असाटी एवं वृद्धजन उपस्थित रहे।
जिला न्यायाधीश/सचिव जिला विधिक सेवा प्राधिकरण धर्मेश भट्ट ने कहा बुढ़ापा/वृद्धावस्था जीवनकाल की ऐसी अवस्था है जो हर व्यक्ति के जीवन में आना तय है यदि कोई यह सोचता है कि वह अपने जीवन में वृद्ध नहीं होगा तो वह उसका सबसे बड़ा भ्रम है। वृद्धजनों को मात्र प्रेम एवं संवेदनशीलता की आवश्यकता है। उन्होंने कहा वृद्धजन अपने जीवन में किये गये कार्यो के परिणाम से वाकिफ होते है जब-जब नवयुवकों को कोई समस्या आती है तो आप जैसे वृद्धजन अपने पुराने अनुभवों के आधार पर उन समस्याओं का निराकरण करने हेतु सरल एवं सस्ता मार्ग बताकर नवयुवकों को समस्या से निजात दिलाते है। उन्होंने माता-पिता व वृद्धजनों के अधिकारों की सुरक्षा के लिये बनाये गये ‘‘माता पिता और वरिष्ठ नागरिकों का भरण-पोषण एवं कल्याण अधिनियम के बारे में बताते हुए कहा कि इस अधिनियम के अंतर्गत वृद्धजन अपने भरण-पोषण एवं अपनी सम्पत्ति सुरक्षा के लिए एस.डी.एम. के समक्ष आवेदन प्रस्तुत कर सकते है। इस दौरान उपस्थित वृद्धजनों के स्वास्थ्य के बारे में जानकारी ली गई एवं आयोजित स्वास्थ्य शिविर में डॉक्टर को स्वास्थ्य संबंधी कोई भी समस्या होने की पूर्ण जानकारी देने हेतु कहा गया।
जिला विधिक सहायता अधिकारी रजनीश चौरसिया ने कहा वर्तमान समय में संयुक्त परिवार की अवधारण क्षीण हो जाने के कारण वृद्धजनों का एकाकी जीवन सामाजिक चुनौती बन गया है, ऐसे वृद्धों की देखरेख एवं संरक्षण के लिए वृद्धाश्रमों की स्थापना की गयी है जिसमें वृद्धों के निवास, चिकित्सा एवं मनोरंजन की समुचित व्यवस्था का प्रावधान किया गया है। उन्होंने कहा यदि आपके किसी के विरूद्ध न्यायालय में कोई प्रकरण प्रस्तुत करना है तो जिला विधिक सेवा प्राधिकरण आपको प्रकरण प्रस्तुत करने हेतु निःशुल्क अधिवक्ता एवं अन्य व्यय उपलब्ध कराने हेतु प्रतिबद्ध है। वृद्धाश्रम में उपस्थित 23 वृद्धों का स्वास्थ्य परीक्षण डॉक्टरों द्वारा किया जाकर उन्हें दवाएं वितरित की गईं। साथ ही फलों का वितरण भी किया गया।
