Spread the love

सागर । राहतगढ़ थाना क्षेत्र के ग्राम मुढ़ारी के पास बुधवार रात चलती बाइक पर एक युवक को गोली मार दी गई। गोली लगने से युवक की मौत हो गई। सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और युवक को अस्पताल ले जाया गया। जहां चेकअप के बाद डॉक्टर ने उसे मृत घोषित कर दिया। मृतक के परिवार वालों ने पुरानी रंजिश में गांव के ही कुछ लोगों पर हत्या करने का आरोप लगाया है। स्थितियों को देखते हुए गांव में पुलिस बल तैनात किया गया है। युवक को बुधवार देर रात खून से लथपथ हालत में बुंदेलखंड मेडिकल कॉलेज लाया गया। युवक को दाहिने तरफ सीने और पेट के बीच गोली लगी है। मृतक की पहचान 36 वर्षीय कुंवर सिंह गौंड निवासी मूढ़री के रूप में हुई है। घटना की सूचना पर पुलिस ने मौके पर पहुंचकर शव का पंचनामा बनाया और शव को पोस्टमॉर्टम के लिए मर्चुरी में रखवाया है। जहां गुरुवार को पोस्टमॉर्टम किया जाएगा।

गांव के लोगों पर रंजिश में हत्या करने का आरोप

मृतक के भाई वृंदावन गौंड ने बताया कि कुंवर सिंह गांव के गोविंद पटेल के साथ ग्राम मसुरहाई में ट्रैक्टर का काम कराने गया था। ट्रैक्टर का काम होने के बाद वह बाइक से वापस घर लौट रहा था। इसी दौरान सेमराकलां गांव के पास चलती बाइक पर अज्ञात आरोपियों ने कुंवर सिंह पर फायरिंग कर दी। जिसमें उसकी मौत हो गई। उन्होंने गांव के रजक समाज के लोगों पर हत्या करने का आरोप लगाया है। परिजनों का कहना है कि आरोपियों ने पुरानी रंजिश में वारदात को अंजाम दिया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *