
जबलपुर। गुरुद्वारा गुरुनानक दरबार, गोरखपुर में आयोजित सिख समाज की एक महत्वपूर्ण बैठक में पूर्व मंत्री हरेंद्रजीत सिंह बब्बू को जबलपुर सिख संगत का अध्यक्ष चुना गया। उन्हें सर्वसम्मति से निर्विरोध अध्यक्ष पद के लिए चुना गया, जो उनके सिख समाज में दी गई सेवाओं का प्रमाण है। इस अवसर पर अजीत सिंह नैयर (सीटू) और सरबजीत सिंह रील को सचिव के पद पर नियुक्त किया गया। नवगठित कमेटी में जबलपुर के सभी गुरुद्वारों के प्रधानगण उपाध्यक्ष के पद पर कार्य करेंगे, जबकि गुरुद्वारों के सचिवों को संयुक्त सचिव के पद की जिम्मेदारी दी जाएगी। इस महत्वपूर्ण बैठक में जबलपुर के सभी गुरुद्वारों, सिख समाज की धार्मिक, सामाजिक और शैक्षिक संस्थाओं के प्रधानगण एवं उनके प्रतिनिधि बड़ी संख्या में उपस्थित थे। चुनाव प्रक्रिया को श्री गोबिंद सिंह एजुकेशन सोसाइटी के अध्यक्ष कुलदीप सिंह बंसल और गुरुद्वारा गोरखपुर के प्रधान राजिंदर सिंह छाबड़ा ने सफलतापूर्वक संपन्न कराया। अध्यक्ष बनने के बाद, श्री हरेंद्रजीत सिंह बब्बू का पुष्पहारों से स्वागत किया गया और उन्हें जबलपुर सिख संगत की दिशा और विकास में अपनी भूमिका निभाने के लिए शुभकामनाएं दी गई।
