
जबलपुर। शहपुरा क्षेत्र के ग्राम खैरी में रिंग रोड बनाने वाली कंपनी आईएससी प्रोजेक्ट प्राइवेट लिमिटेड द्वारा अवैध खनिज उत्खनन के मामले में बड़ी कार्रवाई की गई है। शहपुरा एसडीएम श्रीमती नदीमा शीरी के नेतृत्व में हुई कार्रवाई में चार हाईवा और एक जेसीबी मशीन को जब्त किया गया है। ये वाहन खनिज संसाधनों का अवैध उत्खनन करने में लिप्त पाए गए थे। एसडीएम ने बताया कि जब्त किए गए चारों हाईवा को सुरक्षा के मद्देनजर भेड़ाघाट थाना पुलिस के हवाले किया गया है, ताकि इनकी जांच और आगे की कार्रवाई की जा सके। वहीं, जब्त की गई जेसीबी मशीन को ग्राम कोटवार को सौंपा गया है, जहां उसे सुरक्षा के लिए रखवाया गया है। इस कार्रवाई से संबंधित अधिकारियों का कहना है कि यह कदम अवैध खनन को रोकने और खनिज संसाधनों के संरक्षण के लिए महत्वपूर्ण है। अवैध उत्खनन की रोकथाम के लिए प्रशासन लगातार सक्रिय है और ऐसी कार्रवाइयां जारी रहेंगी।
