

दमोह। दमोह लोकायुक्त पुलिस ने शुक्रवार को शहर से सटे ग्राम इमलाई में पटवारी तखत सिंह को 15 हजार रुपए की रिश्वत लेते पकड़ा। पटवारी ने यह रिश्वत डेढ़ एकड़ जमीन का सीमांकन करने के मामले मंे एक युवक से मांगी थी। जैसे ही युवक ने रिश्वत दी, पटवारी ने उसे जेब में रख लिया। लोकायुक्त सागर की टीम ने उसी वक्त पटवारी को दबोच लिया। रिश्वत की राशि पटवारी के जेब में मिली।
जब केमिकल से पटवारी के हाथ धुलवाए गए तो वह लाल हो गए। पुलिस ने रिश्वत की राशि और सबूत के तौर पर पटवारी का पैंट भी जब्त किया है। लोकायुक्त टीआई रोशनी जैन ने बताया कि इमलाई निवासी शुभम पिता योगेंद्र कुमार ने दो दिन पहले शिकायत दर्ज कराई थी कि पटवारी तखत सिंह उनकी डेढ़ एकड़ जमीन का सीमांकन करने के मामले में 25 हजार रुपए की रिश्वत मांग रहा है। पुष्टि के लिए हमने शुभम को शुक्रवार की सुबह सागर बुलाया था। सागर पहुंचने पर ट्रेप की रणनीति तैयार की गई थी। जिसमें शुभम से 15 हजार रुपए की राशि बुलवाई गई। शुभम ने एटीएम से राशि निकलकर उपलब्ध कराई। राशि में जो नोट थे, उनके नंबर दर्ज किए गए और पीड़ित को लेकर लोकायुक्त की टीम सागर से दमोह पहुंचीं। पहले शुभम को 15 हजार रुपए की राशि दी और फिर पटवारी तखत सिंह को फोन लगाकर पता पूछा, जिस पर पटवारी ने इमलाई ग्राम पंचायत के कार्यालय में होने की बात कही। शुभम वहां पहुंचे और उसने 15 हजार रुपए(500 रुपए के 30 नोट) पटवारी को दे दिए। जैसे ही राशि पटवारी ने अपनी जेब में रखी, शुभम ने टीम को फोन पर सूचना दे दी। जिस पर टीम के सदस्थ तुरंत पंचायत भवन में घुस गए और पटवारी को पकड़ लिया। उन्होंने तुरंत केमिकल से हाथ धुलवाएं। जिसमें उसके साथ लाल हो गए।
पीड़ित शुभम ने बताया कि उसने पटवारी से पहले भी बात की थी, लेकिन पंजीयन कराने के 15 दिन बाद भी उन्होंने सीमांकन नहीं किया, जब मैं उनसे कारण पूछने के लिए पहुंचा, तो उन्होंने 15 हजार रुपए की रिश्वत मांगी और नहीं देने पर काम न करने की बात कही। जिस पर शुभम ने लोकायुक्त में शिकायत दर्ज कराई थी। कार्रवाई के दौरान लोकायुक्त टीम ने पटवारी का वह पेंट उतरवा लिया। जिस जेब में राशि रखी हुई थी। इसके बदले में उसे लोअर उपलब्ध कराया गया। अनुविभागीय अधिकारी ने तहसीलदार दमयंती नगर के प्रतिवेदन पर पटवारी हल्का नबंर 16 इमलाई तखत सिंह गौंड़ को तत्काल प्रभाव से निलंबित किया है। निलंबन अवधि में तखत सिंह गौंड़ का मुख्यालय तहसील कार्यालय दमोह रहेगा
