Spread the love

कलेक्टर ने शहर में अवैध अतिक्रमण की पहचान कर हटाने सहित कर वसूली के दिए निर्देश
नर्मदापुरम। कलेक्टर सोनिया मीना ने गुरुवार को इटारसी नगर पालिका एवं अन्य विभिन्न क्षेत्रों का सघन निरीक्षण किया और नगर पालिका की वित्तीय स्थिति, निर्माण कार्यों, पेंशन प्रकरणों और स्वच्छता अभियान की समीक्षा की। इस दौरान कलेक्टर ने अधिकारियों को कई महत्वपूर्ण दिशा-निर्देश दिए। इस दौरान कलेक्टर ने नगर पालिका की कुल निधि, शुद्ध आय और व्यय का विस्तृत रूप से निरीक्षण किया। इसके बाद पेंशन प्रकरणों की समीक्षा करते हुए उन्होंने लंबित मामलों में शीघ्र ई-केवाईसी प्रक्रिया पूरा करने के निर्देश दिए। कलेक्टर ने राज्य वित्त अंतर्गत प्राप्त राशि के उपयोग की जानकारी भी ली, जिस पर सीएमओ ने बताया कि यह राशि सड़क निर्माण, नाली निर्माण और अन्य विभिन्न निर्माण कार्यों में उपयोग की जा रही है। इस अवसर पर कलेक्टर ने सीएमओ इटारसी को कर वसूली में विशेष ध्यान देने और विशेष अभियान चलाकर वसूली करने की आवश्यकता पर जोर दिया। उन्होंने पीएम आवासों के निर्माण कार्यों की स्थिति की भी समीक्षा की और निर्माण की गुणवत्ता सुनिश्चित करने के लिए समय-समय पर निरीक्षण करने के निर्देश दिए। कलेक्टर ने स्वच्छता सर्वेक्षण के तहत नगर पालिका को विशेष साफ-सफाई अभियान चलाने के निर्देश दिये। सीएमओ इटारसी श्रीमती रितु मेहरा ने बताया कि वर्तमान में 26 वाहनों से कचरा एकत्रित किया जा रहा है।
इटारसी नगर पालिका द्वारा निर्मित एलईजी एवं एमआईजी आवासों का निरीक्षण करते हुए कलेक्टर ने निर्माण की गुणवत्ता की नियमित जांच करने और समय सीमा में निर्माण कार्यों को पूरा करने के निर्देश दिए। इसके अलावा, कलेक्टर ने शहर में अवैध अतिक्रमण की पहचान कर उन्हें हटाने की कार्यवाही के निर्देश दिए।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *