
कप्तान का फरमान मैदान में उतरी खाकी
जबलपुर। सघन बाजार क्षेत्रों में व्यवस्थायें बनाने और सार्वजनिक स्थानों पर शराबखोरी रोकने के लिए पुलिस अधीक्षक संपत उपाध्याय ने सभी थाना प्रभारियों को अपने अपने थाना क्षेत्रों में शाम के वक्त सघन निरीक्षण करने और वाहनों की पार्किंग कराने के साथ साथ शराबखोरी पर अंकुश लगाने के निर्देश दिये। पुलिस अधीक्षक के निर्देशों के पालन में शाम ढलते ही सभी थाना प्रभारी अपने अपने थाना क्षेत्रों पुलिस बल के साथ पैदल गश्त करते हुए नजर आये। पुलिस अधीक्षक ने शख्त निर्देश दिये हैं कि शराब दुकानों के आसपास और ऐसे स्थानों की निगरानी की जाये जहां पर शराबी एकत्रित होकर अराजकता फैलाते हैं बाजार क्षेत्रों के अलावा सुनसान ऐरिया और मंदिरों के आसपास शराबियों और गजेडिय़ों का जमावड़ा लगता है। ऐसे स्थानों पर पुलिस अचानक दबिश दे और नशाखोरों पर सख्ती से अंकुश लगाये। पुलिस अधीक्षक को लगातार शिकायतें मिल रही थी कि कुछ सार्वजनिक स्थानों पर शराबी एकत्रित होकर वहीं पर शराब पीते हैं और शराब की बाटलें, पानी के पाउच, डिस्पोजल गिलास फेंककर गंदगी फैलाते हैं और विरोध करने पर लड़ाई झगड़ा करने लगते हैं। शराब के नशे में वाहन चलाते समय दुर्घटनायें भी हो रही हैं। पुलिस अधीक्षक ने सख्त निर्देश दिये हैं कि ब्रेथ ऐनीलाइजर से मुंह सूंघा जाये और शराब के नशे में वाहन चलाने वालों के लायसेंस निलंबित कराये जायें और उन पर धारा १८५ के तहत कार्रवाई की जाये। पुलिस अधीक्षक ने कहा है कि सभी थाना प्रभारी प्रतिदिन यह कार्रवाई करने के साथ साथ अपने अनुविभाग के सीएसपी को रिपोर्ट देंगे और सीएसपी एडीशनल एसपी को अवगत करायेंगे। एडीशनल एसपी पुलिस अधीक्षक को रिपोर्ट भेजेंगे। प्रतिदिन की जाने वाली कार्रवाई की समीक्षा क्राइम मीटिंग में की जायेगी। पुलिस अधीक्षक ने सख्त लहजे में कहा है कि शराबखोरी में होने वाले विवाद, चाकूबाजी और अपराधों को नियंत्रित करने में पुलिस का खौफ बदमाशों में नजर आना चाहिए और आम जनता के बीच सुरक्षा की भावना पैदा होना चाहिए।
