यही समय है, सही समय है” इसके बाद समय आने वाला नहीं, यदि समय निकल जायेगा तो वापिस फिर कभी नहीं आयेगा-कलेक्टर सुधीर कुमार कोचर
आप सभी पढ़ाई के उस स्तर पर है, यहां पर ध्यान देने की जरूरत है, यदि आप लापरवाही करते हैं तो आने वाला बहुत समय आपका खराब हो जायेगा-पुलिस अधीक्षक श्री सोमवंशी
मानस भवन में कॅरियर एवं व्यक्तित्व विकास पर मोटिवेशनल टॉक कार्यक्रम में विद्यार्थियों के समक्ष अतिथियों ने दिये प्रेरणादायी उद्बोधन






दमोह : जिला प्रशासन एवं शिक्षा विभाग के तत्वाधान में आयोजित “यही समय है,सही समय है”, कक्षा 9 से 12 तक कॅरियर एवं व्यक्तित्व विकास पर मोटिवेशनल टॉक कार्यक्रम स्थानीय मानस भवन में आयोजित किया गया। कार्यक्रम के मुख्यवक्ता प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश आनंद तिवारी, कलेक्टर सुधीर कुमार कोचर, पुलिस अधीक्षक श्रुतकीर्ति सोमवंशी, जिला न्यायाधीश धर्मेश भट्ट की मौजूदगी में कार्यक्रम संपन्न हुआ। कार्यक्रम का शुभारंभ मॉ सरस्वती के चित्र समक्ष दीप प्रज्जवल कर किया गया। इस अवसर पर प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश आनंद कुमार तिवारी ने अपने प्रेरणादायी उद्बोधन में विद्यार्थियों को पानी से आधी भरी हुई बॉटल का उदाहरण देते हुए कहा यह सत्य है कि यह आधी भरी है और यह भी सत्य है कि आधी खाली है, हमारे ऊपर निर्भर करता है कि हम सकारात्मक सोच लेकर चल रहे हैं या नकारात्मक सोच लेकर। उन्होंने कहा मैं एक व्यक्तित्व हूं मेरे अंदर कुछ अच्छाइयां और कुछ बुराइयां है, यदि आप मेरी बुराईयों को देखेंगे तो आप बुरी चीजों को आत्मसात कर रहे हैं और यदि आप मेरी सकारात्मक चीजों को देखेंगे तो आपको लगेगा कि इनमें गुण ज्यादा है, मुझे भी ऐसे गुण तैयार करने चाहिए। उन्होंने छात्रों से कहा इन बातों को गांठ बांधिये, ये बातें हमारे जीवन के प्रबंधन में बहुत काम आती है। जीवन में हमेशा अच्छे लोगों की संगत करना है, अपने आप की तुलना कभी किसी से नहीं करनी है, आप अपने आप में संपूर्ण है। जीवन में नकारात्मक नहीं सोचना है, सकारात्मक सोचते हुए आगे बढ़ना है। सरकारी नौकरी पाना ही जीवन का एकमात्र उद्देश्य नहीं है, यदि आपकी व्यक्तिगत इच्छा है, तो उसके लिए प्रयास कीजिये, यदि आपने लक्ष्य बनाकर रखा है तो आप सफल भी होंगे। बच्चों को इस भ्रांति में नहीं पढ़ना चाहिए कि सरकारी नौकरी ही सफलता की कुंजी है।
जिला न्यायाधीश धर्मेश भट्ट ने कहा शिक्षा के क्षेत्र में वर्तमान में काफी वृद्धि हुई है, प्रतिर्स्पधा बहुत ज्यादा हो गया है, जो क्लास के एग्जाम होते हैं, वह महत्वपूर्ण है, उन्हें नजर अंदाज नहीं किया जा सकता लेकिन सब कुछ वही नहीं है, सरकारी नौकरी पाने के लिए आपको कड़ा प्रतिर्स्पधा फेस करना पड़ता है। इसकी एक्जाम प्रोसेस अलग है, उनकी रिक्वायरमेंट अलग है। उन्होंने कहा अपने व्यक्तित्व का विकास करें, प्राइवेट सेक्टर हो, सरकारी सेक्टर हो चाहे आप कोई बिजनेस करते हैं आपका व्यक्तित्व महत्वपूर्ण है कि आप अपनी बात कैसे रखते हैं, कितने प्रभावशाली तरीके से निर्णय लेते हैं, सफलता बहुत कुछ इन बातों पर निर्भर करती है।
कलेक्टर सुधीर कुमार कोचर ने कहा हमारी टैगलाइन है “यही समय है, सही समय है” इसके बाद समय आने वाला नहीं है। यदि यह समय निकल जायेगा तो वापिस फिर कभी नहीं आयेगा। जो बच्चे कक्षा 09 वीं में है, भविष्य में क्या करना है अभी से इसका लक्ष्य निर्धारित कर लें। आप इससे जितना विलंब करते जायेंगे, उतना अपने करियर में पीछे होते जायेंगे, फिर चीजों को ठीक करने में ज्यादा मेहनत करनी पड़ती है। कक्ष 9 वीं में तीर कमान पर लग जाना चाहिए, सभी बच्चे अलर्ट हो जाये कि भविष्य में क्या करना है। जब बच्चे कक्षा 11 वीं में आते हैं, तो उन्हें प्रॉब्लम होती है कि कौन सा विषय लें, आपके पास बहुत कम च्वाईस होती है, खास करके छोटे जिलों में। उन्होंने कहा बहुत कम स्थानों पर ऐसा बचा है कि जहां पर 11 वीं का विषय आपके लिए आगे की भूमिका तय करता है, बाकी सभी जगह पर जो परीक्षाएं आगे होती है उसका 11 वीं के विषय चयन से कोई लेना देना नहीं है, जैसे यदि आपको आईएएस की परीक्षा देना है तो उसके लिए आप कोई भी विषय लेकर पढ़ाई कर सकते हैं।
पुलिस अधीक्षक श्रुतकीर्ति सोमवंशी ने कहा कक्षा 11वीं, 12वीं के विद्यार्थियों के लिए यह समय बहुत महत्वपूर्ण है, अभी निर्णय कर लें की भविष्य में किस क्षेत्र में जाना हैं, प्रयास करें कि उस डायरेक्शन में अपने आप को ले जाएं, जिसमें जब आप काम करना शुरू करें तो इतने तल्लीन हो जाए की आपको पता ही ना चले कि कितना समय हुआ है, कौन सा दिन है। मोबाइल और अन्य चीजों पर एक लगाम होनी चाहिए, अपना समय प्रोडक्टिव चीजों में लगे। उन्होंने कहा आप सभी पढ़ाई के उस स्तर पर है यहां पर ध्यान देने की जरूरत है, यदि आप लापरवाही करते हैं तो आने वाला बहुत समय आपका खराब हो जाएगा। यदि आप किसी एक क्षेत्र में पढ़ाई कर रहे हैं, आप बायोटेक्नोलॉजी में या मेडिकल में जा रहे हैं या किसी और क्षेत्र में जा रहे हैं, उसमें आपको अपनी स्किल पर काम करना पड़ेगा, यदि आप स्पोर्टस में, म्यूजिक में, एक्टिंग में या किसी और फील्ड में जायेंगे तो उसमें भी आपको स्किल पर काम करना पड़ेगा, तभी आप इन क्षेत्रों मे सफल हो सकते है।
जे.पी.बी. स्कूल की कक्षा 12 वीं की छात्रा श्रेया अहिरवाल ने बताया आज मानस भवन में कलेक्टर सर, न्यायाधीश सर और एसपी सर के द्वारा कार्यक्रम किया गया, जिसमें मोटिवेशन की बातें बताई गई, प्रश्नों के उत्तर दिए गए। ऐसा प्रोग्राम दमोह में पहली बार हुआ है इसके लिए कलेक्टर सर का धन्यवाद करते हैं, ऐसे प्रोग्राम आगे भी होते रहे।
जेपीबी स्कूल की कक्षा 12वीं की छात्रा प्रिया राजपूत ने कहा आज मानस भवन में जो कार्यक्रम आयोजित किया गया है, उसमें बहुत सी मोटिवेशनल बातें बताई गई, जिससे हम सभी विद्यार्थियों को बहुत कुछ सीखने को मिला है। कलेक्टर सर ने हमारे प्रश्नों के बहुत अच्छे तरीके से उत्तर भी दिए है।
शासकीय सरदार पटेल उच्चतर माध्यमिक विद्यालय की कक्षा 12वीं की छात्रा कंचन नामदेव ने कहा आज मानस भवन में कलेक्टर सर ने हमें बताया कि शिक्षा के तौर पर कैसा कैलेंडर बनाना चाहिए, कैसे पढ़ाई करनी चाहिए, इसके साथ ही और भी जानकारियां दी।
सरदार पटेल शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय की कक्षा 12 वीं की छात्रा पूजा सेन ने कहा आज कलेक्टर सर, न्यायाधीश सर और एसपी सर ने हम सभी को बहुत अच्छा मोटिवेट किया, हमारे प्रश्नो के उत्तर भी उन्होंने दिए और भविष्य के संबंध में सब कुछ अच्छे से बताया।
सरदार पटेल शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय स्कूल की कक्षा 11 वीं की छात्रा हेमलता विश्वकर्मा ने बताया आज कलेक्टर सर और न्यायाधीश सर ने हमें 12th के बाद आगे चलकर क्या करना चाहिए इसके संबंध में महत्वपूर्ण जानकारियां दी।
