Spread the love


जबलपुर। स्वनिधि भी स्वाभिमान भी पखवाड़ा अभियान के अंतर्गत 2 दिसम्बर तक शासन की विभिन्न योजनाओं से नागरिकों को विशेष लाभ प्रदान किया जाएगा। निगमायुक्त श्रीमती प्रीति यादव ने अभियान की समीक्षा बैठक में बताया कि इस दौरान प्रधानमंत्री स्वनिधि योजना के साथ-साथ 8 अन्य महात्वकांक्षी योजनाओं के तहत हितग्राहियों को लाभांवित किया जाएगा। निगमायुक्त ने सभी अधिकारियों को इन योजनाओं के बारे में जागरूकता फैलाने और लाभार्थियों को इन योजनाओं का लाभ दिलाने के लिए विशेष निर्देश दिए।
उपायुक्त श्रीमती अंकिता जैन ने जानकारी दी कि यह पखवाड़ा प्रधानमंत्री स्वनिधि योजना के तहत पथ विक्रेताओं को आत्मनिर्भर बनाने, सोशल इकनॉमिक प्रोफाइलिंग के जरिए 8 महात्वकांक्षी योजनाओं का लाभ दिलाने और डिजिटल लेन-देन को बढ़ावा देने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है। इस योजना के तहत बैंकों द्वारा लंबित ऋण आवेदन, जैसे कि प्रथम, द्वितीय और तृतीय किश्तों का निपटारा किया जाएगा, और पथ विक्रेताओं को डिजिटल भुगतान के लिए यू.पी.आई., क्रेडिट/डेबिट कार्ड, नेट बैंकिंग और मोबाइल बैंकिंग से जोड़ा जाएगा।
इसके अलावा, स्वनिधि से समृद्धि योजना के तहत शेष हितग्राहियों का सोशल इकनोमिक प्रोफाइलिंग किया जाएगा, जिसके बाद 5 प्रमुख विभागों के अधिकारी जैसे कि बैंक प्रबंधक, श्रम अधिकारी, मुख्य चिकित्सा अधिकारी, जिला खाद्य आपूर्ति अधिकारी और महिला एवं बाल विकास अधिकारी के सहयोग से प्रधानमंत्री जीवन ज्योति बीमा, प्रधानमंत्री सुरक्षा बीमा योजना, प्रधानमंत्री जनधन योजना, श्रम योगी मानधन योजना, और अन्य योजनाओं का लाभ दिलाया जाएगा।
निगमायुक्त श्रीमती प्रीति यादव ने कहा कि इस अभियान के लक्ष्यों की प्राप्ति के लिए सभी संभागीय अधिकारियों को निर्देश दिए गए हैं कि वे 2 दिसम्बर 2024 तक अपने-अपने क्षेत्रों में कैंप आयोजित करें। इन कैंपों के माध्यम से सभी संबंधित योजनाओं के आवेदन और लाभार्थियों की जानकारी एकत्रित कर कार्यवाही की जाएगी।
उन्होंने श्रम योगी मानधन योजना के लंबित प्रकरणों को शीघ्र निपटाने के निर्देश दिए और अधिकारियों से कहा कि प्रत्येक संभागीय अधिकारी इस कार्य में तेजी लाएं। साथ ही, सभी संबंधित अधिकारियों को अपने क्षेत्र की जानकारी और पंजीकरण की स्थिति उपलब्ध कराने के निर्देश भी दिए गए।
बैठक में अपर आयुक्त व्ही.एन. बाजपेयी, उपायुक्त एवं परियोजना अधिकारी डे-एनयूएलएम अंकिता जैन, लीड बैंक प्रबंधक, सिटी लेवल नोडल अधिकारी महिला एवं बाल विकास विभाग, जिला खाद्य आपूर्ति अधिकारी और नगर निगम के समस्त संभागीय अधिकारी उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *