मणिपुर राइफल्स हेडक्वार्टर पर भीड़ का हमला, जवाबी फायरिंग में 5 घायल
जिरीबाम में हिंसा, 5 लोगों की मौत
इंफाल । मणिपुर में फिर हिंसा भडक़ गई है। जिरिबाम में शनिवार को अलग-अलग दो घटनाओं में 5 लोगों की मौत हो गई। पुलिस के मुताबिक, पहली घटना जिला हेडक्वार्टर से करीब सात किलोमीटर दूर हुई। संदिग्ध पहाड़ी उग्रवादियों ने एक घर में घुसकर बुजुर्ग को सोते समय गोली मार दी। मृतक की पहचान कुलेंद्र सिंघा के रूप में हुई। वह घर में अकेले रहते थे। दूसरी घटना इसके बाद हुई। इसमें कुकी और मैतेई समुदायों के बीच गोलीबारी हुई। इसमें 4 लोगों की मौत हो गई। इलाके में सुबह से लगातार गोलीबारी की खबरें आ रही हैं। मृतकों का आंकड़ा बढऩे की आशंका है। इससे पहले शुक्रवार देर रात इंफाल में भीड़ ने मणिपुर राइफल्स हेडक्वार्टर पर हमला कर दिया था। सुरक्षाबलों की जवाबी कार्रवाई में 5 लोग घायल हो गए।
दूसरी तरफ, इंफाल वेस्ट और इंफाल ईस्ट में देर रात भीड़ ने मणिपुर राइफल्स हेडक्वार्टर पर हमला कर दिया। गुस्साई भीड़ सुरक्षाबलों से हथियार छीनना चाहती थी। पुलिस ने सीआरपीएफ जवानों के साथ मिलकर जवाबी कार्रवाई की। उन्होंने पैलेट गन से कई राउंड फायरिंग की। मॉक बम और आंसू गैस के गोले भी दागे। सुरक्षाबलों और भीड़ के बीच रातभर संघर्ष चला। 5 लोगों के घायल होने की खबर है। उन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया है। अभी तक हथियार या गोला-बारूद लूटे जाने की कोई पुष्टि नहीं हुई है। हालांकि, दोनों जगहों पर हिंसा में मृतकों और घायलों की संख्या बढ़ सकती है।
राज्य में सभी स्कूल-कॉलेज बंद
राज्य में तनाव को देखते हए सभी स्कूलों-कॉलेजों को बंद कर दिया गया है। कमेटी ऑन मणिपुर इंटीग्रिटी ने कानून-व्यवस्था लागू करने में सरकार की विफलता के विरोध में काम बंद करने और जनता कफ्र्यू का आह्वान किया है। इंफाल में सुबह से सभी दुकानें बंद हैं। सडक़ें और बाजार सुनसान पड़े हैं। मणिपुर में 1 सितंबर से अब तक, 7 दिनों के भीतर हिंसा की 4 बड़ी घटनाएं हुई हैं। 7 सितंबर की घटना को छोड़ दें तो अन्य तीन घटनाओं में 3 लोगों की मौत और 12 घायल हुए हैं।
