Spread the love

जिला प्रशासन किसान के मकान से जप्त की 510 बोरी खाद, गोदाम किया शील
अशोकनगर। किसान जहां दो-दो बोरी खाद के लिए परेशान हो रहे हैं। घंटों लंबी कतारों में लगने के बावजूद किसानों को पर्याप्त खाद उपलब्ध नहीं हो सके हैं। ऐसे में किसान बाजार की ओर रुख कर रहे हैं। इधर बाजार में भी व्यापारियों द्वारा खाद की कालाबाजारी की जा रही है। इसी कालाबाजारी को देखते हुए कलेक्टर सुभाष कुमार द्विवेदी के निर्देशन में एसडीएम, तहसीलदार, थाना प्रभारी सहित कृषि विभाग की संयुक्त टीम ने छापामार कार्यवाही की है। उप संचालक कृषि केएस कैन द्वारा बताया कि कलेक्टर के निर्देश अनुसार प्राप्त शिकायत की जांच हेतु जिला स्तर से टीम गठित कर भेजी गई। गठित टीम मे अनुविभागीय अधिकारी शुभ्रता त्रिपाठी, तहसीलदार सुनील भदोरिया, थाना प्रभारी सत्येंद्र कुशवाह, वरिष्ठ कृषि विकास अधिकारी मुकेश कुमार रघुवंशी, पटवारी शुभम रघुवंशी एवं कृषि विस्तार अधिकारी संजय रावत शामिल रहे। संयुक्त टीम द्वारा जांच में प्राण सिंह पुत्र रामकिशन रघुवंशी निवासी ग्राम पीलीघटा तहसील शाढौरा के स्वयं के खलियान में बने मकान में डीएपी के 360 बैग तथा यूरिया के 150 बैग का अवैध भंडारण कर व्यापार करना पाया गया। उक्त संबंध में संबंधित व्यक्ति प्राण सिंह रघुवंशी के विरुद्ध उर्वरक नियंत्रण आदेश 1985 की धारा 7 और 8 एवं आवश्यक वस्तु अधिनियम 1955 की धारा 3/7 के तहत अपराध पंजीबद्ध किया गया।
गोदाम सील:
टीम के द्वारा एक अन्य कार्यवाही करते हुए बगुलिया बीज भंडार शाढौरा प्रोपराइटर हरि सिंह रघुवंशी के उर्वरक गोदाम का निरीक्षण कर पंचनामा बनाकर शील कर दिया गया है। जिसकी जाँच की जा रही है, जाँच उपरांत आगामी कार्यवाही की जायेगी।
कालाबजारी के विरोध में किसानों ने किया था चक्काजाम, कांग्रेसी भी कर चुके विरोध:
उल्लेखनीय है जिले में रबी की फसल बोने के लिए किसानों को खाद बेहद जरूरी है, लेकिन खाद की कमी ने किसानों को पस्त कर दिया है। दो-दो दिन लाइन में लगने के बाद भी किसानों को खाद नहीं मिल रही है। सिस्टम से नाराज होकर बीते दिनों किसानों द्वारा जिला प्रशासन को ज्ञापन सौंपा गया था। बीते दिन मुंगावली में भी करीब एक घंटे तक चक्काजाम किया था वहीं चन्देरी में कांग्रेसियों द्वारा रैली निकालकर खाद की कालाबजारी के आरोप लगाये गये थे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *