Spread the love

जनसुनवाई के दौरान प्राप्त हुई सभी शिकायतो पर गंभीरता से संज्ञान ले सभी अधिकारी : कलेक्टर
नर्मदापुरम।
कलेक्टर कार्यालय में मंगलवार को जनसुनवाई आयोजित की गई। आयोजित जनसुनवाई में कलेक्‍टर सोनिया मीना ने आमजन की समस्याओं को गंभीरता से सुना और त्वरित निराकरण के निर्देश दिए। आवेदनकर्ताओं ने अपनी समस्याओं को लेकर कलेक्टर के समक्ष अपनी समस्‍याओं को व्यक्त किया। जनसुनवाई में 120 आवेदनकर्ताओं ने अपनी अपनी समस्‍याओं से कलेक्‍टर को अवगत कराया। जनसुनवाई के दौरान डिप्‍टी कलेक्‍टर डॉ बबिता राठौर, सिटी मजिस्‍ट्रेट बृजेन्‍द्र रावत, एसडीएम नीता कोरी सहित अन्‍य जिला अधिकारी उपस्थित रहे। जनसुनवाई के दौरान पिपरिया तहसील निवासी दिव्यांग दंपत्तिसुधाकर द्विवेदी तथा उनकी पत्नी सुमन शर्मा द्वारा विवाह उपरांत प्रोत्साहन राशि प्रदाय किए जाने के लिए कलेक्टर के समक्ष आवेदन प्रस्तुत किया। कलेक्टर ने उपसंचालक सामाजिक न्याय एवं निशक्तजन कल्याण विभाग को निर्देशित किया है कि आवेदनकर्ता को शीघ्र राशि उपलब्ध करवाई जाए। डोलरिया तहसील के ग्राम मिसरोद के कृषकों द्वारा मिसरोद माइनर से निकलने वाली नहर में पानी अप्राप्त होने के संबंध में आवेदन प्रस्तुत किया गया। कलेक्टर द्वारा जल संसाधन विभाग के अधिकारियों को निर्देशित किया गया है कि त्वरित रूप से अपनी एक टीम भेज कर उक्त स्थान पर निरीक्षण के उपरांत आवश्यक कार्रवाई करते हुए नहर में पानी का प्रवाह सुचारु कर उन्हे अवगत कराएं। कलेक्टर के निर्देशानुसार ईई जल संसाधन द्वारा उक्त स्थान पर विभागीय दल को तुरंत पहुंचाया गया। राधा माधव नगर नर्मदापुरम के कॉलोनी वासियों द्वारा कलेक्टर के समक्ष नल की निकासी किए जाने के संबंध में आवेदन प्रस्तुत किया। आवेदन में कॉलोनी वासियों द्वारा उल्लेख किया गया है कि राधा माधव नगर में सरकारी नल पर कुछ लोगों द्वारा अतिक्रमण किया गया है जिसके कारण नल से पानी निकासी नहीं हो पा रही है। कलेक्टर ने सीएमओ नर्मदा पुरम को उक्त संबंध में उचित कार्यवाही किए जाने के लिए निर्देशित किया। इसी प्रकार ग्राम बरुआढाना तहसील सोहागपुर के ग्राम वासियों द्वारा गांव में सड़क विद्युत पानी आदि की व्यवस्थाओं के संबंध में आवेदन प्रस्तुत किया गया। ग्राम टिगरिया तहसील डोलरिया निवासी जमुना बाई कटारे ने प्रधानमंत्री किसान सम्मन निधि, सांगा खेड़ा कला तहसील माखन नगर निवासी धन्नालाल सैनी ने अपनी कृषि भूमि पर अतिक्रमण हटवाए जाने के लिए सीमांकन करवाए जाने का आवेदन प्रस्तुत किया। बीटीआई रोड नर्मदा पुरम निवासी प्रीति केवट ने प्रधानमंत्री आवास योजना अंतर्गत निर्मित मकान में स्थाई बिजली मीटर लगाने के लिए, सिवनी मालवा निवासी विजय मालवीय ने अपनी पुत्री के 12वीं कक्षा उत्तीर्ण करने के उपरांत भी लाड़ली लक्ष्मी योजना की राशि प्राप्त न होने के संबंध में, ग्राम चोराहेट तहसील माखननगर निवासी डालचंद अहिरवार तथा ग्राम बीकौर तहसील माखन नगर निवासी शिव प्रसाद यादव द्वारा प्रधानमंत्री आवास योजना का लाभ स्वीकृत किए जाने के संबंध में, जुमेराती नर्मदा पुरम निवासी अखिलेश निगम द्वारा उनकी निजी भूमि से अवैध अतिक्रमण हटवाने के लिए, ग्राम रेहड़ा तहसील सिवली मालवा निवासी सुषमा सिंह जाट द्वारा आजीविका स्व सहायता समूह अंतर्गत उचित मूल्य की दुकान संचालक के संबंध में कलेक्टर के समक्ष आवेदन प्रस्तुत किया। कलेक्‍टर ने सभी शिकायतों के लिए संबंधित अधिकारियों को निदेर्शित किया है कि समय सीमा का ध्‍यान रखते हुए समस्‍याओं का समाधान सुनिश्चित करें। सभी अधिकारी जनसुनवाई के दौरान प्राप्त हुई सभी शिकायतो पर गंभीरता से संज्ञान ले एवं यथासंभव आम जनमानस की शिकायतों का निराकरण करें। जनसुनवाई के दौरान कलेक्टर ने पूर्व में प्राप्त हुए लंबित जनसुनवाई प्रकरणों की भी समीक्षा की। कलेक्टर ने सभी अधिकारियों को निर्देशित किया है कि 6 माह से अधिक लंबित प्रकरणों को शीघ्र निराकृत करे तथा आवेदनकर्ताओं को समक्ष बुला कर उनकी समस्या का समाधान करें। उन्होंने कहा की अधिकारी अपने-अपने क्षेत्र में भ्रमण कर आमजनों को समस्याओं को सुने तथा आवश्यकता अनुसार मौके पर ही उनका तत्काल निराकरण करें। उन्होंने सभी अधिकारियों को निर्देशित किया है कि समाधान ऑनलाइन के विशेष बिंदुओं पर आधारित शिकायतों का शीघ्र निस्तारण करें। सभी जिला अधिकारी अपने-अपने ब्लॉक लेवल अधिकारियों को भी सीपी ग्राम, जनसुनवाई, सीएम हेल्पलाइन शिकायतों के निराकरण के लिए समय समय पर आवश्यक मार्गदर्शन दें तथा उचित प्रशिक्षण भी प्रदान करें।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *