शहर के रिटेल किराना स्टोर का किया गया औचक निरीक्षण

दमोह : कलेक्टर सुधीर कुमार कोचर द्वारा दिये गये निर्देशों के तहत डी.ओ. खाद्य सुरक्षा प्रशासन राकेश अहिरवाल के मार्गदर्शन में खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम 2006 के अंतर्गत खाद्य सुरक्षा अधिकारी माधवी बुधौलिया द्वारा दमोह शहर में रिटेल किराना स्टोर एवं मार्ट का औचक निरीक्षण किया गया। निरीक्षण कार्यवाही दमोह शहर में विवेकानंद नगर स्थित एस. मार्ट रिटेल स्टोर में की गई। उक्त परिसर में विक्रय हेतु संग्रहित एप्पल ब्रांड टोस्ट, ब्रिटानिया ब्रांड मॉम्स मैजिक बिस्किट, श्रीजी ब्रांड नमकीन, बालियान ब्रांड पास्ता के नमूनें जांच हेतु लिए गए। इसी तरह बालाकोट रोड, किल्लाई नाका स्थित कुबेर मार्ट का औचक निरीक्षण किया गया। परिसर में संग्रहित मेथी दाना लूज, बिट्टू ब्रांड हल्दी पाउडर, मिर्च पाउडर एवं 370 ब्रांड लाल मिर्च पाउडर के नमूनें जांच हेतु लिए गए। इन खाद्य पदार्थों के नमूनों को गुणवत्ता परीक्षण हेतु खाद्य परीक्षण प्रयोगशाला भेजा गया है। जांच रिपोर्ट प्राप्त होने पर नियमानुसार वैधानिक कार्यवाही की जाएगी।
निरीक्षण के दौरान खाद्य परिसर में फ़ूड लाईसेंस की प्रति स्पष्ट रूप से प्रदर्शित पाई गई। कार्यरत कर्मचारियों का वार्षिक मेडिकल सर्टिफिकेट बनवाने एवं कार्यरत कर्मचारियों को एप्रन एवं हेड कवर का इस्तेमाल करने के मौके पर निर्देश दिए गए। निरीक्षण में दोनों परिसर में एक्सपायरी डेट के घी, मसाले, चायपत्ती, खाद्य तेल एवं अन्य खाद्य सामग्री की कुल मात्रा 88 किलोग्राम जिसका बाजार मूल्य 39,421 रुपए है, का मौके पर विनष्टीकरण किया गया। मौके पर दोनों रिटेल स्टोर संचालक को परिसर में एक्सपायरी डेट के किसी भी प्रकार की खाद्य सामग्री का संग्रह एवं विक्रय नहीं करने के निर्देश दिए गए। मोबाइल फूड टेस्टिंग लैबोरेटरी की सहायता से खाद्य तेल, मसाले, घी, पास्ता, नमकीन, दालें, ड्राई फ्रूट्स एवं अन्य किराना खाद्य सामग्री की गुणवत्ता की जांच की गई।
