Spread the love

अशोकनगर। डाक विभाग के बुनियादी ढांचे के आधुनिकीकरण की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम उठाते हुए, अशोकनगर के प्रधान डाकघर के नए भवन की आधारशिला गत दिवस 1 दिसम्बर को केन्द्रीय संचार एवं पूर्वोत्तर क्षेत्र विकास मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया द्वारा रखी गई। यह कार्यक्रम अशोकनगर के तुलसी सरोवर परिसर में आयोजित हुआ, जो क्षेत्र की डाक सेवाओं के लिए एक नया अध्याय साबित होगा। यह नया भवन 2.1 करोड़ रूपये की लागत से बनाया जाएगा और इसे एक वर्ष के भीतर पूरा करने का लक्ष्य रखा गया है। आधुनिक तकनीक से सुसज्जित इस भवन में अत्याधुनिक सुविधाएं होंगी, जो ग्राहकों के अनुभव को बेहतर बनाएंगी। यह प्रधान डाकघर जिले के 10 उपडाकघरों के लिए प्रशासनिक केंद्र के रूप में कार्य करेगा, जिससे अशोकनगर के लोगों को बेहतर सेवाएं और सुविधाएं मिलेंगी। कार्यक्रम में केन्द्रीय मंत्री ने सरकार की नागरिक-केंद्रित और प्रभावी डाक सेवाएं प्रदान करने की प्रतिबद्धता को रेखांकित किया। उन्होंने ग्रामीण क्षेत्रों में समुदायों को जोडऩे में डाक विभाग की महत्वपूर्ण भूमिका पर भी जोर दिया। नया प्रधान डाकघर समुदाय की बदलती जरूरतों को ध्यान में रखते हुए डिजाइन किया गया है। यह भवन अत्याधुनिक सुविधाओं और आधुनिक बुनियादी ढांचे से लैस होगा, जो इंडिया पोस्ट की परिवर्तन यात्रा को दर्शाता है। यह पहल डाक विभाग की जमीनी स्तर पर विश्वसनीय और समकालीन सेवाएं प्रदान करने की प्रतिबद्धता को दर्शाती है। इंडिया पोस्ट, जो दुनिया का सबसे बड़ा डाक नेटवर्क है, पिछले 150 वर्षों से देश की सेवा कर रहा है। आधुनिकीकरण और सेवा उन्नयन पर ध्यान केंद्रित करते हुए, डाक विभाग शहरी और ग्रामीण क्षेत्रों में अंतर को पाटने और उत्कृष्टता प्रदान करने में अग्रणी भूमिका निभा रहा है। इस अवसर पर मध्य प्रदेश परिमंडल के मुख्य पोस्टमास्टर जनरल, विनीत माथुर और निदेशक डाक सेवाएं, पवन कुमार डालमिया, अधीक्षक डाकघर विनय श्रीवास्तव सहित अन्य गणमान्य व्यक्ति, अधिकारी, और स्थानीय निवासी उपस्थित थे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *