
जबलपुर। बरगी और मदनमहल थाना क्षेत्रों में मादक पदार्थ गांजे के कारोबार में लिप्त तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है, जिनमें एक महिला भी शामिल हैं| पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से 22 किलो 421 ग्राम गांजा जब्त किया है|
बरगी थाना प्रभारी कमलेश चौरिया ने बताया कि गांधी स्मारक के पास नर्मदा रोड तिलवारा निवासी 26 वर्षीय अभिषेक झारिया गत दिवस ग्राम सुकरी में एन एच 34 रोड इंडियन ऑयल पेट्रोल पंप के पास सवारी बस से उतरा था| मुखबिर की सूचना पर पहुंची बरगी पुलिस और क्राईम ब्रांच की संयुक्त टीम ने आरोपी अभिषेक झारिया को गिरफ्तार कर उसके कब्जे से ओप्पो कम्पनी का मोबाइल तथा ट्राली बैग में रखे 14 किलो 233 ग्राम गांजा जब्त कर लिया है| जब्त किए गए गांजे की कीमत लगभग 2 लाख 85 हजार रूपये बताई गई है|
इसी तरह मदनमहल थाना प्रभारी प्रवीण धुर्वे ने बताया कि गत दिवस लिंक रोड पुलिया के पास मदनमहल में मादक पदार्थ गांजे की तस्करी कर रहे ग्राम बम्हनी कुण्डम निवासी 28 वर्षीय थान सिंह उईके और ग्राम पड़रिया कुण्डम निवासी 20 वर्षीय कु. अर्चना उररैती को मदनमहल पुलिस और क्राईम ब्रांच की टीम ने गिरफ्तार कर उनके कब्जे से 8 किलो 188 ग्राम गांजा जब्त किया है| जब्त किए गए गांजे की कीमत लगभग 1 लाख 63 हजार रूपये बताया गया है| पुलिस ने तीनों आरोपियों के विरूद्ध धारा 8, 20, एनडीपीएस एक्ट के तहत कार्रवाई कर मामला जांच में लिया है|
