शासकीय प्राथमिक स्वास्थ्य केन्द्र सद्गुवां में लगा मेगा ब्लड डोनेशन कैंप





दमोह : कलेक्टर सुधीर कुमार कोचर आज अपने पथरिया भ्रमण के दौरान शासकीय प्राथमिक स्वास्थ्य केन्द्र सदगुवां पहुंचे। यहां मेगा ब्लड डोनेशन कैंप का जायजा लिया। सद्गगुवां के नागरिकों द्वारा किये गये ब्लड डोनेशन की कलेक्टर श्री कोचर ने सराहना की। कलेक्टर श्री कोचर ने कहा आज शासकीय प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र सदगुवां में एक मेगा ब्लड डोनेशन कैंप लगाया गया है, उसकी व्यवस्थाएँ देखने और निरीक्षण करने के लिए आया था। मुझे बड़ी खुशी हुई देख कर की अस्पताल का पूरा प्रबंधन बी.एम.ओ. से लेकर सारे एम.ओ. डॉक्टर्स, नर्सेज, आशा कार्यकर्ता, सुपरवाइजर सभी लोगों की मेहनत से और गांव वालों के और सामाजिक संगठनों सब के सहयोग से यह एक बहुत ही सफल आयोजन यहाँ पर चल रहा है। उन्होंने कहा पहले 1 घंटे में ही लगभग 35 से 36 रजिस्ट्रेशन होना यह साबित करता है कि इन लोगों ने कितनी मेहनत इसमें की है, कितना परिश्रम किया है। अमूमन शहरी क्षेत्रों में भी इतने सफल रक्तदान शिविर आयोजित नहीं हो पाते जितना इन्होंने इतने छोटे से गांव के अंदर इसको करके दिखाया है, इसके लिये पूरी टीम बधाई के पात्र है, ऐसे शिविर लगातार होने चाहिए।
कलेक्टर श्री कोचर ने कहा मैं सामाजिक संगठनों का, सदगुवां के लोगों का, आसपास के लोगों का भी आभार व्यक्त करता हूँ, जिन्होंने इतनी बड़ी संख्या में उत्साह के साथ आ करके इस रक्तदान शिविर में भाग लिया। रक्तदान किया, टी.आई. सुधीर बैगी ने भी रक्तदान किया, बाकी सब अधिकारी-कर्मचारी, पंचायत सचिव ने भी रक्तदान किया, सभी लोग रक्तदान कर रहे है, बढ़ चढ़कर भाग ले रहे है और यह रक्त किसी ना किसी की जिंदगी को बचाने के काम में आएगा तो इन सबको बहुत साधुवाद देता हूँ, बहुत धन्यवाद देता हूँ। यह वाकई में हम सभी के लिए प्रेरणादायक है और आगे आने वाले समय में भी ऐसे शिविर लगते रहेंगे, यही मेरी आशा और विश्वास है।
