
मुंबई। पिछले कई महीनों से बॉलीवुड अभिनेता सलमान खान को लगातार जान से मारने की धमकियां मिल रही हैं। सलमान खान को लॉरेंस बिश्नोई गैंग से जान से मारने की धमकी मिल रही है। इतना ही नहीं बिश्नोई गैंग द्वारा सलमान खान के घर पर फायरिंग भी की गई थी। सलमान खान के बेहद करीबी दोस्त और महाराष्ट्र के पूर्व मंत्री बाबा सिद्दीकी को बिश्नोई गैंग के तीन शूटरों ने मुंबई में गोली मार दी थी। इसके बाद सोशल मीडिया पर बिश्नोई गैंग की ओर से एक पोस्ट शेयर कर इस हत्या की जिम्मेदारी ली गई। बाबा सिद्दीकी की हत्या के मामले में अब तक पुलिस ने 26 लोगों को गिरफ्तार किया है। इस बीच खबर है कि बाबा सिद्दीकी मामले में गिरफ्तार आरोपियों ने अब एक बड़ा और चौंकाने वाला खुलासा किया है। आरोपी ने कहा कि बाबा सिद्दीकी से पहले उसका टारगेट सलमान खान थे। हालांकि कड़ी सुरक्षा के चलते वे सलमान खान पर गोली नहीं चला सके। उसने कई बार सलमान खान पर गोली चलाने की कोशिश की। लेकिन सलमान खान के आसपास भारी सुरक्षा के कारण यह संभव नहीं हो सका। बता दें कि सलमान खान को पिछले कुछ दिनों से बिश्नोई गैंग से जान से मारने की धमकियां मिल रही हैं। सलमान कड़ी सुरक्षा के बीच अपनी फिल्मों की शूटिंग कर रहे हैं। लगातार मिल रही धमकियों के चलते उनकी सुरक्षा बढ़ा दी गई है।
