
जबलपुर। जिला मुख्यालय से करीब 42 किलोमीटर दूर सिहोरा तहसील के खितौला थाना अतंर्गत मझगवां बाईपास के समीप सकरी मोहल्ला वार्ड-17 में देर रात 46 वर्षीय एक किराना व्यापारी की गोली मारकर हत्या कर दी गई. घटना के वक्त व्यापारी अपने परिजनों के साथ घर में टीव्ही देख रहा था, तभी बाईक सवार दो युवकों ने उसे बाहर बुलाया, जैसे ही वह बाहर निकला तो उसके पेट में गोली मारकर बदमाश भाग गए| घायल को तत्काल सिहोरा शासकीय अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टर ने उसे मृत घोषित कर दिया
खितौला पुलिस थाने से प्राप्त जानकारी के अनुसार खितौला-मझगवां बाईपास के सकरी मोहल्ला वार्ड-17 में रहने वाले मलखे चक्रवर्ती की घर में ही किराना दुकान है. गुरुवार-शुक्रवार की दरमियानी रात व्यापारी दुकान बंद करने के बाद घर में टीवी देख रहे थे. रात करीब साढ़े 12 बजे बाइक सवार कुछ लोग घर पहुंचे और उन्हें आवाज देकर बाहर बुलाया. व्यापारी जैसे ही घर से बाहर निकलकर रोड तक पहुंचा, तभी उस पर फायरिंग कर दी गई. गोली मारकर आरोपी मौके से फरार हो गए.
मृतक की बेटी तनिका चक्रवर्ती का आरोप है कि घटना के बाद तुरंत ही डायल-100 को सूचना दी गई. जब पुलिस नहीं आई तो पड़ोसियों के साथ खितौला थाने पहुंचे. यहां कहा गया कि पहले लिखित आवेदन लेकर आओ, फिर शिकायत लिखेंगे. लंबी जद्दोजहद के बाद पुलिस ने अज्ञात लोगों के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज कर लिया है| आरोपी अभी फरार है| घटना की वजह अभी सामने नहीं आई है| चर्चा है कि उधारी के पैसों के लेनदेन के विवाद पर यह वारदात की गई है| पुलिस आरोपियों की तलाश कर रही हैं|
