
जबलपुर। पुलिस अधीक्षक जबलपुर, सम्पत उपाध्याय ने शनिवार को थाना अधारताल का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने नगर पुलिस अधीक्षक अधारताल, श्रीमति प्रियंका करचाम और थाना प्रभारी अ. राजकुमार खटीक की उपस्थिति में थाने के मालखाने का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने जप्ती माल, आर्म्स और एम्यूनिशन, राइट ड्रिल सामग्री के रख-रखाव को चेक किया, साथ ही हवालात और थाने में संधारित किये जाने वाले रजिस्टरों को भी चेक किया, यह सुनिश्चित करने के लिए कि वे अपडेट हैं या नहीं।
उन्होंने लंबित अपराधों की डायरियों का भी पर्यवेक्षण किया और विवेचकों को अपराधों के शीघ्र समाधान के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। पुलिस अधीक्षक ने उपस्थित अधिकारियों और कर्मचारियों को निर्देशित किया कि महिलाओं, बच्चों, वृद्धों और समाज के कमजोर वर्गों के प्रति संवेदनशील रहकर उनकी शिकायतों पर तत्काल विधिसंगत कार्रवाई करें और बिना किसी लापरवाही के राहत प्रदान करें।
साथ ही, उन्होंने सक्रीय गुण्डा और आदतन अपराधियों के खिलाफ प्रभावी प्रतिबंधात्मक कार्यवाही करने के निर्देश दिए, और यह भी आदेश दिया कि जिन अपराधियों ने बंधपत्र का उल्लंघन किया है, उनके खिलाफ 122 जा.फौ. के तहत कार्रवाई की जाए। पुलिस अधीक्षक ने यह भी निर्देशित किया कि किसी भी घटना की जानकारी मिलते ही तत्काल मौके पर पहुंचकर वैधानिक कार्यवाही की जाए, और हमारी कार्यवाही पूरी तरह निष्पक्ष हो। उनका प्रमुख उद्देश्य शांति और सुरक्षा व्यवस्था बनाए रखना है, और इसमें कोई लापरवाही नहीं होनी चाहिए। उन्होंने कहा कि हमारी कार्यवाही से आम नागरिकों में पुलिस के प्रति सुरक्षा का भाव होना चाहिए, जबकि असामाजिक तत्वों और गुण्डों में पुलिस का खौफ बना रहना चाहिए।
