बाजारू कीमत लगभग 2 करोड़ 66 लाख


दमोह : आज मध्यप्रदेश हाउसिंग बोर्ड की जमीन पर किये गये अतिक्रमण को हटाने की कार्यवाही तहसीलदार मोहित जैन द्वारा की गई। तहसीलदार मोहित जैन ने कहा कलेक्टर श्री सुधीर कुमार कोचर के निर्देश पर लगातार दमोह में अतिक्रमण हटाने की कार्यवाही की जा रही है। इसी क्रम में आज मध्य प्रदेश हाउसिंग बोर्ड की जमीन जिस पर पिछले कई वर्षों से 4 से 5 व्यक्तियों ने मकान बनाकर कब्जा किया हुआ था, जिसमें बिहारी लाल पटेल, सेवा बाई, शेर खान और शेरू खान जिन्होंने कई वर्षों से मकान बनाकर यहां पर कब्जा किया हुआ था। हाउसिंग बोर्ड के कार्यपालन यंत्री श्री बाथम के पत्र अतिक्रमण हटाने के लिए आये थे, कलेक्टर श्री कोचर के निर्देशानुसार यहां से बड़े पैमाने पर अतिक्रमण हटाने की कार्यवाही की गई है। उन्होंने बताया पहले से ही बेदखली आदेश न्यायालय से जारी किया गया था, पहले नोटिस देकर जवाब लिए गए थे, जवाब समाधान कारक नहीं थे जिस पर बेदखली आदेश पारित करके आज यहां पर यह कार्रवाई की गई है। यहां पर लगभग 1 एकड़ जमीन कमर्शियल उपयोग की है, स्कूल के लिए हाउसिंग बोर्ड ने आरक्षित की हुई है, इसकी बाजारू कीमत लगभग 2 करोड़ 66 लाख रुपए है।
तहसीलदार श्री जैन ने बताया अभी डायवर्सन और नजूल की वसूली का अभियान चल रहा है जिसमें निरंतर नोटिस काटे जा रहे हैं। जिनसे अभी वसूली प्राप्त करनी है, उनके नोटिस काटे हुए हैं, रिलायंस पॉइंट के लिए नोटिस जारी किया गया था, जिसमें राशि जमा करने की 9 तारीख अंतिम डेट दी गई थी, रिलायंस पॉइंट के मालिक रेखा राहुल से 56,553 रुपए प्राप्त करने थे, जिन्होंने नोटिस के बाद भी जमा नहीं किये थे। आज उनके प्रतिष्ठान को सील करने की कार्रवाई की है, कार्यवाही के 30 मिनट के अंदर ही उन्होंने राशि जमा करके चालान भेज दिया है, जिससे उनके प्रतिष्ठान को खोल दिया गया है।
