
शराब खोरी की प्रताड़ना से त्रस्त होकर की वारदात
जबलपुर। संजीवनीनगर थाना अतंर्गत गत 1 दिसंबर को मिली युवक की लाश पर पड़ा रहस्य का पर्दा पुलिस ने उठा दिया| इस तहकीकात के दौरान चौकाने वाला खुलासा हुआ| दरअसल युवक की हत्या किसी और ने नहीं मृतक के साले ने ही की थी| इस हत्या में आरोपी की पत्नी ने भी सहयोग किया था| पुलिस ने आरोपी साले सरहज गिरफ्तार कर लिया है| हत्या में प्रयुक्त हथौड़ा भी बरामद कर लिया है| पुलिस के मुताबिक मृतक शराब पीकर रोज-रोज अपने साले और सरहज को प्रताड़ित करता था|
अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक अपराध समर वर्मा ने बताया कि गत एक दिसंबर की सुबह चंदन कालोनी तिराहा के पास गंगानगर निवासी 55 वर्षीय मृतक केसरी सेन की रक्तरंजित लाश मिली थी, जिसके अंगों को अवारा शूकरों ने खा लिया था| पुलिस ने हत्या का मामला दर्ज कर विवेचना शुरु की| आसपास के सीसीटीव्ही फुटेज खंगालने पर पुलिस को सुराग मिला कि घटना के पहले मृतक का साला रवि रात 10 बजे अपने जीजा के घर गया था और रात 12 बजे साला रवि और बहनोई केसरी दोनों घर से बाहर निकले और कुछ देर बाद रवि सेन घर आ गया और अपनी जर्किन में कुछ छुपाते हुए ले जाते दिखाई दिया| पीछे-पीछे रवि सेन की पत्नी गायत्री सेन भी आती दिखी| पुलिस ने दोनों को हिरासत में लेकर पूछताछ की तो खुलासा हो गया| आरोपियों का कहना है कि 10-12 साल से रोज शराब पीकर घर आता था और गालीगलौज करता था| घटना दिनांक को भी उसने ऐसा किया था, जिससे तंग आकर अपने जीजा की हत्या कर दी| पुलिस ने आरोपी रवि सेन के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज किया वहीं उसकी पत्नी गायत्री सेन द्वारा घटना में सहयोग करने पर धारा 238, 249, 3(5) के तहत गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया जा रहा है|
