11 दिसंबर 2024 से 26 जनवरी 2025 तक मुख्यमंत्री जनकल्याण अभियान प्रारंभ

दमोह : कलेक्टर सुधीर कुमार कोचर ने जिले के नागरिकों से कहा है 11 दिसंबर 2024 से 26 जनवरी 2025 तक राज्य शासन द्वारा मुख्यमंत्री जन कल्याण अभियान प्रारंभ किया गया है और इस जन कल्याण अभियान के अंतर्गत सरकार के जितने प्रमुख विभाग हैं, उनकी 63 योजनाएं और 45 सेवाएं अलग-अलग हितग्राही मूलक योजनाएं और अलग-अलग महत्वपूर्ण सेवाएं जो सरकार प्रदान करती है, उससे संबंधित जितने आवेदन छूटे हुए हैं या जो लोग अभी तक इन सेवाओं से या इन योजनाओं के लाभ मिलने से वंचित रह गए हैं, उन सबको लाभ दिलाना मुख्यमंत्री जनकल्याण अभियान का पहला उद्देश्य है। इसके लिए ग्राम वार, वार्ड वॉर लगातार कैंप लगाए जा रहे हैं।
कलेक्टर श्री कोचर ने कहा है इन योजनाओं से संबंधित लिस्ट भी सभी स्थानों पर प्रचारित कर रहे हैं। इन योजनाओं से संबंधित यदि आपका कोई भी आवेदन हो, यदि आपकी पात्रता होने के बावजूद लाभ नहीं मिला हो, तो इन योजनाओं का लाभ प्राप्त करें। इसके लिए आप खुद भी पोर्टल पर आवेदन कर सकते हैं, शिविरों में जा करके आवेदन दे सकते हैं। इसके अलावा घर-घर सर्वे भी हो रहे हैं, ताकि आपसे आवेदन प्राप्त किए जा सके, घर से भी आप अपना आवेदन प्रस्तुत कीजिये। पात्रता के अनुसार हितलाभों का वितरण सुनिश्चित किया जायेगा, ताकि जिले में जितने भी लोग पात्र हैं, उन्हें विभिन्न योजनाओं के अंतर्गत उनमें से कोई भी हितग्राही हितलाभ लाभ पाने से वंचित ना रहे।
