
सरगुजा। छत्तीसगढ़ के सरगुजा से अजीबोगरीब और दर्दनाक घटना सामने आई है। यहां एक युवक ने तंत्र मंत्र के चक्कर में जिंदा चूजा निगल लिया। इसके बाद युवक की अचानक से तबीयत खराब हो गई। आनन-फानन में युवक को अस्पताल पहुंचाया गया। लेकिन वहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। पहले डॉक्टरों को लगा कि शायद हार्टअटैक से युवक की मौत हुई है। लेकिन पोस्टमार्टम करने पर युवक के गले में मरा हुआ चूजा फंसा मिला।
मामला अंबिकापुर का है। मृतक की पहचान छिंदकालो गांव निवासी 36 वर्षीय आनंद कुमार यादव के रूप में हुई। बताया जा रहा है कि शादी के पांच साल बीतने बाद भी बच्चे नहीं हो रहे थे। इससे वह परेशान रहने लगा था। तब युवक को किसी ने एक तांत्रिक से इलाज करवाने की सलाह दी। इसके तांत्रिक ने ही युवक को जिंदा चूजा निगलने के लिए कहा था। जिससे उसकी मौत हो गई।
फोरेंसिक एचओडी डॉक्टर ने बताया कि हमारे यहां एक मरीज को लाया गया। लेकिन इलाज के दौरान ही उसकी मौत हो गई। पहले लगा कि हार्टअटैक से उसकी मौत हुई। फिर मौत का असल कारण जानने के लिए शव का पोस्टमार्टम करवाया। उसके सीने पर चीरा लगाया गया, लेकिन सब कुछ ठीक था। यानि ये साफ हो गया कि मरीज की मौत हार्टअटैक से नहीं हुई है। इसके बाद ब्रेन हैमरेज की आशंका से सिर का हिस्सा खोला गया, लेकिन सिर में भी कुछ असामान्य नहीं मिला। इसके बाद हमारी टीम ने गले में चीरा लगाया, तब युवक के गले में चूजा मिला। युवक के श्वांस नली और खाने की नली के बीच में फंसा हुआ था। तकनीकी जांच में पता चला कि श्वांस नली में चूजा फंसने से युवक की मौत हुई है।
