





नेता प्रतिपक्ष बोले- खाद संकट पर चर्चा नहीं करना चाहती सरकार – कांग्रेस का वॉकआउट
भोपाल । शीतकालीन सत्र के पहले दिन ही कांग्रेस आक्रामक रूख में नजर आई। पांच दिवसीय शीतकालीन सत्र का सोमवार को पहला दिन रहा। प्रश्नकाल के बाद कांग्रेस ने हंगामा करते हुए वॉकआउट कर दिया। ध्यानाकर्षण के बाद सदन की कार्यवाही मंगलवार सुबह 11 बजे तक के लिए स्थगित कर दी गई। सदन की कार्यवाही से पहले बुधनी से भाजपा विधायक रमाकांत भार्गव और अमरवाड़ा विधायक कमलेश शाह ने पद एवं गोपनीयता की शपथ ली। विजयपुर से निर्वाचित विधायक मुकेश मल्होत्रा सदन में नहीं पहुंचे, इसलिए उनकी विधानसभा सदस्य के रूप में शपथ आज नहीं हो पाई।
प्रश्नकाल में केवल दो प्रश्न ही हो पाए। विधायक सुरेश राज्य और विधायक जयवर्धन सिंह ने अपने क्षेत्र में हुए कार्यों को लेकर सवाल किए। इसके बाद प्रश्नकाल खत्म हो गया। नेता प्रतिपक्ष उमंग सिंघार शून्यकाल में खाद संकट पर बात करना चाहते थे। मंत्री कैलाश विजयवर्गीय ने बांग्लादेश का मुद्दा उठा दिया, जिस पर कांग्रेस ने कहा- सरकार खाद संकट पर चर्चा ही नहीं करना चाहती। इसके बाद कांग्रेस ने हंगामा करते हुए वॉकआउट कर दिया। विधानसभा से बाहर निकलने के बाद नेता प्रतिपक्ष उमंग सिंघार ने कहा, भाजपा सरकार के संरक्षण में पूरे प्रदेश में कई लोग नकली खाद बेच रहे हैं। सरकार इसे रोके। इससे पहले मंत्री कैलाश विजयवर्गीय ने मध्यप्रदेश विधानसभा अध्यक्ष, उपाध्यक्ष वेतन भत्ता संशोधन और नेता प्रतिपक्ष वेतन भत्ता संशोधन अधिनियम 2024 पुनस्र्थापना विधेयक पेश किया। दोनों ही प्रस्ताव पर अनुमति दी गई। धार्मिक न्यास और धर्मस्व मंत्री धर्मेंद्र सिंह लोधी ने मैहर के मां शारदा देवी मंदिर पुनस्र्थापना संशोधन विधेयक 2024 पेश किया। इस पर भी अनुमति दी गई।
प्रदेश में नकली खाद बिक रही: सिंघार
विधानसभा से बाहर निकलने के बाद नेता प्रतिपक्ष उमंग सिंघार ने कहा, भाजपा सरकार के संरक्षण में पूरे प्रदेश में कई लोग नकली खाद बेच रहे हैं। उस नकली खाद को बाजार में आने से सरकार रोके, इसके कारण किसानों की फसल का नुकसान हो रहा है।
प्रश्नकाल में केवल दो ही सवाल
सदन की कार्यवाही दोबारा शुरू हुई। प्रश्नकाल में दो ही सवाल हो पाए। विधायक सुरेश राज्य ने ग्वालियर जिले में मनरेगा में कराए गए कामों में अनियमित की शिकायत की। पंचायत मंत्री प्रहलाद पटेल ने जांच कराने की बात की। विधायक जयवर्धन सिंह गुना जिले के राघोगढ़ के महाविद्यालय को लेकर पूछा, यहां कितने शिक्षकों की नियुक्ति की गई। विद्यार्थियों को किन संकायों में प्रवेश दिया गया है। पूर्व में इस मामले में सदन में जो जानकारी दी गई थी वह गलत थी। इस पर उच्च शिक्षा मंत्री इंदर सिंह परमार ने गलती मानी।
नए विधायकों की शपथ के बाद पूर्व विधायक विजय सिंह, कैप्टन जयपाल सिंह, महेश प्रसाद मिश्रा, चौधरी गंभीर सिंह, भारत सिंह, बैजनाथ सिंह, नंदाराम सोरी के अलावा पूर्व केंद्रीय मंत्री के नटवर सिंह, एसएम कृष्णा, उद्योगपति रतन नवल टाटा, सिक्किम के पाक्योंग में सडक़ दुर्घटना में शहीद जवान को श्रद्धांजलि अर्पित की गई। सदन की कार्यवाही शुरू होने से पहले विधानसभा अध्यक्ष नरेंद्र सिंह तोमर दिवंगत पूर्व विधायकों और पूर्व केंद्रीय मंत्रियों को श्रद्धांजलि दे रहे हैं। दिवंगत पूर्व विधायकों और पूर्व केंद्रीय मंत्रियों को श्रद्धांजलि देने के दौरान 2 मिनट का मौन रखा गया। सदन की कार्रवाई 10 मिनट के लिए स्थगित की गई है। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव और नेता प्रतिपक्ष उमंग सिंघार ने पूर्व मंत्री आरिफ अकील को भी सदन में श्रद्धांजलि दी। साथ ही सियाराम बाबा को भी श्रद्धांजलि दी गई।
