नर्मदापुरम । स्वच्छता ही सेवा अभियान के तहत सोमवार को नपा की टीम द्वारा जनजागरूकता अभियान चलाया गया। इस दौरान दुकानदारों से 10 किलो पालिथिन भी जब्त की गई। सेठानीघाट पर टीम को लीड कर रहे स्वच्छता निरीक्षक कमलेश तिवारी ने बताया कि नगर पालिका अध्यक्ष नीतू महेंद्र यादव के नेतृत्व में एवं मुख्य नगर पालिका अधिकारी हेमेश्वरी पटले के निर्देश पर सेठानीघाट पर पालिथिन मुक्त नगर को लेकर जनजागरूकता अभियान चलाया गया। इस दौरान नगरपालिका की टीम द्वारा स्थानीय दुकानदार और श्रद्धालुओं को पालिथिन के नुकसान बताए गए। साथ ही दुकानदारों से 10 किलो पालिथिन जब्त कर उन्हें हिदायत दी गई कि अगर अब दोबारा अमानक पालिथिन पाई जाती है तो जब्ती के साथ जुर्माना भी किया जाएगा। जनजागरूकता अभियान में स्वच्छता निरीक्षक कमलेश तिवारी, सतीश यादव, प्रशांत अवस्थी, अरविंद बड़गूजर, रामसिंह, आनंद केवट, रोहित बड़गूजर, वार्ड के समस्त कर्मचारी आदि उपस्थित थे। नपाध्यक्ष श्रीमती यादव एवं सीएमओ श्रीमती पटले ने नागरिकों, श्रद्धालुओं और दुकानदारों से कहा कि विश्व प्रसिद्ध सेठानीघाट पर पालिथिन पूर्णत: प्रतिबंधित है। पालिथिन से पर्यावरण को नुकसान होता है। अमानक स्तर के पालिथिन का उपयोग करते पाए जाने पर जब्ती और जुर्माने की कार्रवाई की जाएगी। अनुरोध है कि नगरहित में पालिथिन का उपयोग बंद कर दें। सड़क पर आवारा पशुओं को छोड़ने वाले पशु पालकों पर सोमवार को हांका दल द्वारा 2000 रुपए का जुर्माना किया गया है साथ ही हिदायत दी गई है कि अब दोबारा मिलते हैं तो जुर्माना भी दुगना कर दिया जाएगा। हाका दल प्रभारी गगन सोनी ने बताया कि सीएमओ के निर्देश पर आवारा पशु पकड़ने का अभियान जारी है।

