
दमोह – जिला कॉग्रेस कमेटी अध्यक्ष रतनचंद जैन ने कहा कि 18वीं लोकसभा के शीतकालीन सत्र में सत्तारूढ़ भारतीय जनता पार्टी द्वारा संविधान और संविधान निर्माता बाबा साहेब भीमराव अंबेडकर के अपमान के लिए संसदीय इतिहास में दर्ज हो गया है। बीजेपी हमेशा से लोकतंत्र और संवैधानिक मूल्यों के प्रति तिरस्कार दिखाने का कोई मौका नहीं छोड़ती। इस बार तो हद ही पार कर दी। संविधान के 75 वर्ष पूरे होने पर कांग्रेस समेत इंडिया गठबंधन के दलों ने संसद में सरकार से संविधान पर चर्चा की मांग रखी। अडानी, मणिपुर, संभल जैसे मामलों पर सदन में बहस की मांग लगातार ठुकराए जाने के बाद प्रतिपक्ष की संविधान पर चर्चा की मांग मान ली गई। इस मौके पर कांग्रेस समेत सभी दलों ने सरकार को लोकतांत्रिक और संवैधानिक मूल्यों की प्रतिबद्धता याद दिलाई। समता, समानता और न्याय के डॉ. अंबेडकर के आदर्शों पर चलने की सलाह बीजेपी को कतई रास नहीं आई। सत्तापक्ष ने लगातार विपक्ष को बोलने से रोकने की कोशिश की। यही नहीं, केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने डॉ. अंबेडकर का अपमान कर संघ और बीजेपी की मानसिकता उजागर कर दी।
कांग्रेस समेत प्रतिपक्ष ने पीएम मोदी से अमित शाह के इस्तीफे की मांग की है लेकिन मोदी सरकार डॉ.अंबेडकर के अपमान को अपराध मानने को तैयार नहीं है। उल्टे बीजेपी ने संसद की कार्रवाई ठप्प रखी। यही नहीं अपनी मांग को लेकर प्रदर्शन कर रहे कांग्रेस सांसदों के साथ धक्कामुक्की की गई। पार्टी अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे को गिरा दिया गया। बीजेपी ने षड़यंत्र के तहत नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी के खिलाफ संगीन धाराओं के तहत एफआईआर दर्ज करा दी गई। बीजेपी और उसकी मातृसंस्था हमेशा से डॉ. आंबेडकर और संविधान विरोधी रही है। इन्होंने न सिर्फ संविधान के निर्माण के समय से ही विरोध किया, बल्कि इससे पहले डा. आंबेडकर को चुनाव हरवाया था। कांग्रेस डॉ. आंबेडकर के अपमान को लेकर अमित शाह के इस्तीफे की मांग पर अटल है। जब तक अमित शाह इस्तीफा नहीं देंगे, हम विरोध प्रदर्शन जारी रखेंगे।
बाबासाहेब के सम्मान में कॉग्रेस की पदयात्रा आज
दमोह – जिला कांग्रेस कमेटी अध्यक्ष रतन चंद जैन ने प्रेस विज्ञप्ति के माध्यम से जानकारी देते हुए बताया कि संविधान रचयिता बाबा साहब डॉ भीमराव अंबेडकर जी के सम्मान में 24 दिसंबर को दोपहर 12:00 बजे से जिला कांग्रेस कार्यालय से सम्मान पदयात्रा निकल जाएगी। बाबा साहब के सम्मान में सम्मान यात्रा में समस्त कांग्रेस जन, पदाधिकारी गण, सेवा दल, युवक कांग्रेस, महिला कांग्रेस, एनएसयूआई, विभाग प्रमुख, समस्त कांग्रेस पार्षद गण, जिला पंचायत, जनपद पंचायत एवं सरपंच गण सभी अपनी-अपने साथियों के साथ बाबा साहब अमर रहे के नारों के साथ इस पदयात्रा में शामिल हो एवं संविधान की रक्षा हेतु अपनी एकजुटता का परिचय दें। पूर्व विधायक अजय टंडन ने भी सभी कांग्रेस जनों से पदयात्रा में शामिल होने की अपील की ।
