यह परियोजना मध्यप्रदेश को समृद्ध बनाने का काम करेगी, मध्य प्रदेश में सिंचाई का रकबा बढ़ेगा जिससे किसान सुखी और समृद्ध होगा-राज्यमंत्री श्री लोधी
केन-बेतवा नदी लिंक परियोजना की सौगात से किसानों की आय चौगुनी होगी और पीने के पानी की उपलब्धता होगी-हटा विधायक श्रीमती खटीक



दमोह : खजुराहो में प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी जी के कार्यकम में पहुंचे जिले के मंत्री द्वय श्री धर्मेन्द्र सिंह लोधी एवं श्री लखन पटेल, सांसद श्री राहुल सिंह लोधी और हटा विधायक श्रीमती उमादेवी खटीक ने आज के दिन को बुदेलखण्ड के लिये ऐतिहासिक दिन बताया।
प्रदेश के संस्कृति, पर्यटन, धार्मिक न्यास एवं धर्मस्व राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार) श्री धर्मेन्द्र सिंह लोधी ने कहा आज देश के प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी जी परियोजना का शिलान्यास करने के लिए यहां पधार रहे हैं, यह परियोजना मध्यप्रदेश को समृद्ध बनाने का काम करेगी, मध्य प्रदेश में सिंचाई का रकबा बढ़ेगा जिससे किसान सुखी और समृद्ध होगा।
प्रदेश के पशुपालन एवं डेयरी विभाग राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार) श्री लखन पटेल ने कहा आज का दिन स्वर्णिम अक्षरों में लिखा जाने वाला दिन है। आज 25 दिसम्बर को पूर्व प्रधानमंत्री श्री अटल बिहारी वाजपेई जी का जन्म दिवस है इसको और यादगार बनाने के लिए प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी जी को धन्यवाद करना चाहता हूं कि हमारे नेता के दिन को यादगार बनाने के लिए आज केन-बेतवा लिंक परियोजना का भूमि पूजन हो रहा है, वह अपने आप में एक बहुत बड़ी बात है। उन्होंने कहा यह लगभग 1 लाख करोड़ रुपए की योजना है, जिससे लगभग 11 जिलों में 10.50 लाख हेक्टेयर की सिंचाई होगी, जो कि अपने आप में एक बड़ा इतिहास है। उन्होंने कहा मध्यप्रदेश के बुंदेलखंड और कुछ उत्तरप्रदेश का बुंदेलखंड इसमें शामिल है। इससे लगभग 10.50 लाख हेक्टेयर की सिंचाई होगी जिससे बुंदेलखंड की तस्वीर और तकदीर दोनों बदलने वाली है।
दमोह सांसद श्री राहुल सिंह लोधी ने कहा बुंदेलखंड केन बेतवा लिंक परियोजना के लिए साक्षी हो रहा है, लाखों की संख्या में यहां पर लोग आए हुए हैं, सभी को बधाई और शुभकामनाएं। हटा विधायक श्रीमती उमादेवी खटीक ने कहा आज बुंदेलखंड क्षेत्र में प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी जी का आगमन हो रहा है, प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी जी ने केन-बेतवा नदी लिंक परियोजना की सौगात प्रदेशवासियों को दी है, इससे किसानों की आय चौगुनी होगी और पीने के पानी की उपलब्धता होगी।
