जहाँ-जहाँ से भी जलभराव की सूचना आ रही है, वहाँ-वहाँ पर निकासी के पूरे प्रयास किए जा रहे है
दमोह : कलेक्टर सुधीर कुमार कोचर ने कहा पिछले 24 घंटों में दमोह जिले में 07 इंच से भी अधिक वर्षा हो चुकी है, जो अपने आप में अभूतपूर्व है, इतनी बारिश एक ही दिन में रेयरली होती है। कल रात से ही पूरा प्रशासन अलर्ट है, सभी अधिकारी लगातार फील्ड में है जहाँ-जहाँ से भी जलभराव की सूचना आ रही है, वहाँ-वहाँ पर निकासी के पूरे प्रयास किए जा रहे है। नदियों के किनारे जो लोग रहते हैं, उनको भी अलर्ट मोड में रखा गया है। उन्होंने बताया बजरिया वार्ड नंबर 07 से लोगों को शिफ्ट करने की स्थिति बन रही है, तो उनको शिफ्टिंग के लिए स्कूल वगैरह में तत्काल व्यवस्था करा ली गई हैं, उनके भोजन, पानी वगैरह की व्यवस्था भी करा ली गई है। बाकी जगहों पर शिफ्टिंग की अभी स्थिति नहीं है, लेकिन जहाँ-जहाँ पर भी शिफ्टिंग की जरूरत पड़ेगी हम तत्काल लोगों की शिफ्टिंग करा लेंगे। अधिकारी लगातार भ्रमण में है, पूरे जिले के अंदर भ्रमण कर रहे हैं।कलेक्टर श्री कोचर ने बताया आज समदई में सरपंच पद का चुनाव भी है, चुनाव की प्रक्रिया भी शांतिपूर्वक चल रही है। यद्यपि वहाँ बहुत पानी गिरा है, लेकिन फिर भी कोई ऐसी बाधा चुनाव की प्रक्रिया में नहीं है। उन्होंने कहा अगले 2 दिन और तेज बारिश की संभावना है। आज हमने स्कूल, कॉलेज और आंगनवाड़ियों की छुट्टी घोषित की है, शाम तक की स्थिति देखने के बाद कल का निर्णय ले लिया जाएगा, कि कल और परसों की स्थिति क्या रहेंगी, उस अनुसार स्कूल चालू रहेंगे या नहीं रहेंगे इसका निर्णय शाम तक ले लेंगे। उन्होंने कहा यह एक अभूतपूर्व स्थिति है, बहुत ज्यादा बारिश हुई है, हमारा पूरा सिस्टम लगातार सक्रिय है, आमजन को यदि कोई भी समस्या होती है या कोई भी तकलीफ है, तो दमोह हेल्पलैन नंबर पर बताइए। सारे अधिकारी लगातार अलर्ट मोड में काम कर रहे हैं, जो संभव मदद होगी की जाएगी।उन्होंने कहा अभी पानी काफी भरा हुआ है, पुलों के ऊपर से भी पानी बह रहा है, आप सभी से आग्रह है कि नदियों के किनारे, पुलों के किनारे जाना अवॉइड करें, ताकि जान और माल की सुरक्षा हो सके। जहाँ पर किसानों की फसलों का नुकसान हुआ है, वहा पर नुकसान के लिये आंकलन, जैसे ही बारिश बंद होती है, वैसे ही कराएँगे। इसके अलावा यदि बारिश में लोगों के घर टूटे है या किसी प्रकार की उनको हानि हुई है, जैसे ही बारिश थमती है, उसका भी सर्वे तत्काल कराएंगे।

