तीन अन्य सूचना आयुक्तों की भी हुई नियुक्ति

भोपाल। प्रदेश में कई महीनों के इंतजार के बाद प्रदेश के राज्य सूचना आयोग को आयुक्त मिल ही गया। रिटायर्ड आईपीएस विजय यादव को प्रदेश का मुख्य सूचना आयुक्त नियुक्त किया गया है। इसके अलावा तीन सूचना आयुक्त उमाशंकर पचौरी, वंदना गांधी और ओंकारनाथ का भी चयन किया गया है।
सीएम डॉ मोहन यादव, नेता प्रतिपक्ष उमंग सिंघार और मंत्री संपत्तिया उइके वाली चयन समिति ने बैठक में इन नियुक्तियों को मंजूरी दी। चयन समिति ने मुख्य सूचना आयुक्त पद के लिए पूर्व आईपीएस और मध्य प्रदेश के पूर्व विशेष पुलिस महानिदेशक विजय यादव का चयन किया। जबकि शिक्षाविद उमाशंकर पचौरी, समाज सेवी वंदना गांधी और सेवानिवृत जज ओंकार नाथ को सूचना आयुक्त के रूप में चयनित किया है।
बता दें कि मध्य प्रदेश राज्य सूचना आयोग में दस पद मार्च 2024 से ही खाली पड़े हैं। इसके चलते सूचना अधिकारियों और प्रथम अपीलीय अधिकारियों के विरुद्ध अपील के हजारों मामले आयोग में सुनवाई के लिए लंबिक हैं। नियुक्ति में देरी का मामला हाईकोर्ट पहुंच गया था। इसके बाद कोर्ट ने राज्य सरकार को जल्द नियुक्ति के आदेश दिए थे।
मार्च में हुए आवेदन में 185 लोगों ने ऑनलाइन आवेदन किए थे। वर्तमान स्थिति को देखा जाए तो अभी भी राज्य सूचना आयोग में करीब छह पद खाली हैं। इनके लिए चयन समिति अलग से बैठक करेगी। सूत्रों के मुताबिक अगले एक महीने में तीन से चार नाम और सामने आने की उम्मीद है। नए मुख्य सूचना आयुक्त और तीन सूचना आयुक्त जल्द ही कामकाज शुरू कर सकते हैं।
