
इन्दौर । डीसीपी राजेश त्रिपाठी की टीम ने एक होम्योपैथी डॉक्टर को उसके साथी सहित 30 ग्राम एमडी ड्रग्स और ढाई किलो गांजे के साथ गिरफ्तार किया है। पुलिस कार्रवाई के समय डॉक्टर लड़की की ड्रेस पहने मिला। पूछताछ में दोनों ने बताया कि वे न्यू ईयर की पार्टी में कस्टमर्स को देने के लिए नशे का यह सामान लाए थे। पुलिस के अनुसार नशे के सौदागर होम्योपैथी डॉक्टर का नाम योगेश लड़इया निवासी बजरंग नगर है।जबकि दूसरे आरोपी का नाम भरत चौरसिया हैं और वह मूल रूप से रीवा का रहने वाला है और इन्दौर में विगत तीन सालों से मिडलैंड होटल में केयर टेकर का काम कर रहा है। होटल में आने-जाने के दौरान ही डाक्टर की उससे पहचान हुई और उसके बाद से ही दोनों मिलकर नशा करने के साथ नशा सप्लाई भी करने लगे। पुलिस को पूछताछ में पता चला है कि पत्नी के छोड़ने के बाद डाक्टर को नशे की लत लग गई और इसके चलते उसने बैंक से 5 लाख का लोन भी ले लिया। फिलहाल पुलिस दोनों आरोपियों से नशे के बारे में पूछताछ कर और जानकारी निकाल रही है।
