Spread the love

गुनाl जिले के म्याना थाना क्षेत्र के फोरलेन हाईवे पर एक दर्दनाक सडक़ हादसे में ट्रक चालक की मौत हो गई। घटना बीती शाम की है, जब ट्रक चालक अपने वाहन के टायर की जांच कर रहा था। इस दौरान एक पिकअप वाहन ने उसे टक्कर मार दी, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। हादसे के बाद पिकअप वाहन चालक घटनास्थल से फरार हो गया। मिली जानकारी के अनुसार, मृतक ट्रक चालक नरेंद्र गौतम, निवासी अंबेडकर नगर (उत्तर प्रदेश), पुणे से दिल्ली की ओर ट्रक लेकर जा रहे थे। शाम के समय म्याना के ओवरब्रिज से निकलने के बाद उन्होंने सर्विस रोड पर ट्रक खड़ा किया और टायरों की जांच करने लगे। इसी दौरान, सरिया से लदी एक पिकअप वाहन तेजी से वहां से गुजरी और उन्हें जोरदार टक्कर मार दी। इस हादसे में नरेंद्र गौतम की मौके पर ही मौत हो गई।
घटना की सूचना मिलने पर पुलिस तुरंत मौके पर पहुंची और शव को पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भेजा। आज सुबह परिजनों की उपस्थिति में पोस्टमार्टम किया गया और शव उन्हें सौंप दिया गया। पुलिस ने मामला दर्ज कर पिकअप वाहन और उसके चालक की तलाश शुरू कर दी है। मृतक के परिचितों ने बताया कि नरेंद्र गौतम एक जिम्मेदार और अनुभवी चालक थे, जो नियमित रूप से लंबी दूरी की ट्रक सेवाएं देते थे। यह हादसा उनके परिवार के लिए गहरा आघात है। परिजनों ने दोषी वाहन चालक को जल्द से जल्द पकडऩे और न्याय दिलाने की मांग की है। फिलहाल पुलिस मामले की जांच में जुटी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *