Spread the love


आरोपियों के पास से दो बाइक सहित 66 बोरी धान जब्त
पुलिस, राजस्व और खाद्य विभाग ने संयुक्त रुप से की कार्रवाई

बालाघाट । पुलिस, राजस्व और खाद्य विभाग ने छापामार कार्रवाई कर धान चोर गिरोह को पकड़ा है। यह कार्रवाई वारासिवनी थाना क्षेत्र के मेंहदीवाड़ा-खापा मार्ग पर की गई है। इस दौरान अधिकारियों ने तीन ट्रक चालक और दो खरीददारों को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपियों के पास से दो बाइक और 66 बोरी धान को बरामद किया है। इस मामले में पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ प्रकरण दर्ज कर मामले को विवेचना में लिया है।
जानकारी के अनुसार शुक्रवार-शनिवार की दरमियानी रात जिला प्रशासन और पुलिस ने एक बड़ी कार्रवाई को अंजाम दिया। वारासिवनी एसडीएम आरआर पाण्डे ने बताया कि कलेक्टर मृणाल मीना के निर्देशानुसार जाल बुनकर यह कार्यवाही की गई। सूचना के आधार पर पुलिस, राजस्व और खाद्य विभाग के अधिकारियों के दल में करीब 20 अधिकारी अपनी-अपनी बाइक से सादे कपड़ों में मौका स्थल पर पहुंचे। कार्रवाई में 66 क्विंटल धान सहित दो मोटर सायकिल जब्त की गई है। संयुक्त जांच दल द्वारा मेहंदीवाडा-खापा मार्ग पर शासकीय धान की चोरी के संबंध में जांच की गयी। जिसमें मौके पर ट्रक क्रमांक सीजी 08 एयू 7551, एमएच-35 के 5129 व एमपी 50 एच 3129 से ट्रक ड्राइवर अक्षय मते, तेजकुमार बांदे, संतोष नगपुरे द्वारा ट्रक में रखी शासकीय धान को खापा निवासी योगेन्द्र पटले व राहुल बोपचे को बेचते हुए पकड़ा गया।
शासकीय बारदानों में धान, खेत व निवास स्थल पर मिला तौल कांटा
मेहंदीवाड़ा-खापा मार्ग स्थित योगेन्द्र पटले के खेत के निवास पर खुले कमरे में 25 क्विंटल धान खुला, जूट बारदानों में रखा पाया गया। जो विगत वर्ष के शासकीय मार्क लगी धान की 81 बोरियों में और खरीफ विपणन वर्ष 2024-25 का मार्का लगी धान की 22 बोरियां, खरीफ विपणन वर्ष 2024-25 का मार्क लगे 10 खाली बारदाने, एक तौल कांटा, धान के हिसाब की डायरी पायी गयी। मौके पर पायी गयी लगभग 66 क्विंटल धान को आगामी आदेश तक कमरों में रखवाकर सील किया गया। मौके पर शासकीय धान की चोरी करने पर आरोपी अक्षय मते, तेजकुमार बांदे, संतोष नगपुरे, योगेन्द्र पटले, राहुल बोपचे के विरूद्ध पंचनामा बनाकर प्रकरण तैयार किया गया।
कार्यवाही में एसडीओपी अभिषेक चौधरी, तहसीलदार वारासिवनी इमरान मंसूरी, कनिष्ठ आपूर्ति अधिकारी वारासिवनी सुनील किरार, उपनिरीक्षक पवन यादव, सहायक उपनिरीक्षक राजेश सनोडिया, आरक्षक हेमंत बघेल, रमाकांत त्रिपाठी, मुरारी बघेल, प्रमोद सनोडिया, अजय मरकाम, शिवदत्त शर्मा शामिल रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *