
बायोमेट्रिक मिलान नहीं होने से हुआ शक, पूछताछ के बाद भेजा जेल
पटना। पटना में सिपाही बहाली परीक्षा को लेकर 9 दिसंबर से फिजिकल टेस्ट लिए जा रहे हैं। इस दौरान 33 अभ्यर्थियों को गिरफ्तार किया गया है। गिरफ्तार अभ्यर्थियों के मुताबिक करीब 200 से ज्यादा अभ्यर्थियों ने अपनी जगह स्कॉलर को बैठाकर अपना रिटेन एग्जाम क्लियर कराया था। हर अभ्यर्थी से 1 से 5 लाख तक में डील हुई थी।
परीक्षा होने के पहले 50 हजार से एक लाख रुपया तक एडवांस रुपया दिया गया। बाकी रिटेन परीक्षा के बाद देने की बात हुई थी। वहीं रिटेन और फिजिकल के लिए 3 से 5 लाख की मांग दलाल कर रहे थे। कई अभ्यर्थियों ने रिटेन परीक्षा परिणाम के बाद पूरा पैसा भी दे दिया। वहीं कुछ अभ्यर्थियों ने तय पैसे का 50 से 60 फीसदी तक ही पैसा दिया है, लेकिन वे फिजिकल परीक्षा के दौरान पकड़े गए। इनका दिया हुआ पैसा भी डूब गया। पटना के गर्दनीबाग थाने की पुलिस ने 33 अभ्यर्थियों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है। इसमें ज्यादातर बायोमैट्रिक अटेंडेंस के दौरान थंब इंप्रेशन मैच नहीं होने से पकड़े गए। वहीं कुछ अभ्यर्थियों को वीडियोग्राफी के दौरान फेस मैच नहीं होने के चलते गिरफ्तार किया गया है।
4 जनवरी को चौथे चरण की फिजिकल पीरक्षा के अंतिम दिन पटना के गर्दनीबाग थाने की पुलिस ने चार सिपाही अभ्यर्थी को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार अभ्यर्थी पटना में हो रहे सिपाही बहाली फिजिकल परीक्षा देने गर्दनीबाग थाना अंतर्गत पटना हाई स्कूल मैदान पहुंचे थे, जहां बायोमेट्रिक मिलान नहीं हुआ। शक के आधार पर उनसे पूछताछ की गई, तो सारी असलियत सामने आ गई।
