–कॉलेज फीस, स्कॉलरशिप की रकम भी हार गया था गेम में
-चोरी की बाइक से पहुंचा था बैंक लूटने, दोस्तो के फोन चुराये उनका भी पैसा हार गया

भोपाल। राजधानी के पिपलानी थाना इलाके में बीएमएम छात्र द्वारा बैंक लूटने की नाकाम कोशिश किये जाने की सनसनीखेज घटना सामने आई है। पुलिस ने आरोपी छात्र गिरफ्तार कर लिया है। छात्र ऑनलाईन गेमिंग में दोस्तों से पैसे उधार लेकर काफी रकम हार गया था, जिसके बाद उसने बैंक लूटने की योजना बनाई। पुरे मामले में मिली जानकारी के अनुसार शुक्रवार को धनलक्ष्मी बैंक में एक युवक खाता खुलवाने पहुंचा। यहां उसे सुरक्षा के इतेंजाम कमजोर नजर आये इसके बाद शाम करीब 4 बजे वह बैंक लूटने पहुंच गया। युवक ने कर्मचारियों के आंख के ऊपर पेपर स्प्रे डाल दिया, जिससे उनकी आंखो जलन होने लगी। इसके बाद आरोपी युवक स्प्रे मारते हुए कैश काउंटर की ओर जाने लगा। बैंक में मौजूद अन्य कर्मचारियो को अनहोनी की आंशका हुई और वह उसे पकडने के लिये दौड़े लेकिन युवक गेट के बाहर निकल कर भाग गया। धन लक्ष्मी बैंक के कर्मचारी मनमोहन के की शिकायत पर पुलिस ने मामला दर्ज कर आरोपी की तलाश शुरू की। तकनीकी साक्ष्य और मुखबिर से मिली सूचना पर टीम ने आरोपी की पहचान जुटाते हुए दो घंटे के भीतर ही उसे उस समय पकड़ लिया जब वह शहर से बाहर भागने की फिराक में था। पुलिस पूछताछ में आरोपी की पहचान संजय कुमार सिंह पुत्र रामचन्द्र मालवीय (24) के रुप में हुई। संजय मूल रुप से ग्राम डेलची नगर परिषद माकडोन जिला उज्जैन का रहने वाला है। वह यहां नरेला शंकरी में स्थित संतोषी विहार में किराए से रहते हुए वह सैम कॉलेज से बीएएमएस थर्ड इयर की पढ़ाई कर रहा था। उसके पिता रामचंद्र मालवीय उज्जैन के माकडौन मंडी में प्यून हैं। पुलिस पूछताछ में सामने आया की संजय कुमार सिंह को ऑन लाइन गेम टाईगर खेलने की बुरी तरह से लत लग गई थी। अपनी लत के कारण जहॉ उसने पिता द्वारा भेजी गई कॉलेज की फीस और स्कॉलरशिप के पैसे को भी ऑनलाइन गेम में उड़ा दिया था। इसके साथ ही अपने दोस्तो से भी पैसा उधार लेकर वह गेम में हार गया था। इसके बाद संजय ने अपने दोस्तों के मोबाइल चोरी कर उनके खाते से भी रकम लगाकर गेम में हार गया था। वह पकड़ में न आये इसलिए उनके मोबाइल भी फेंक दिए थे। पुलिस उन मोबाइल के संबंध में भी जानकारी जुटा रही है। पूरी तरह कंगाल और भारी कर्जदार होने के बाद उसने बैंक लूटने की योजना बनाई, सजंय ने बैंक खाता खुलवाने के नाम पर कई बैंकों में जाकर रैकी की और शुक्रवार को पिपलानी थाना क्षेत्र स्थित भरत नगर में धनलक्ष्मी बैंक की एक ब्रांच की 3 दिसंबर को दिनभर में तीन बार बैंक जाकर रैकी की और शाम करीब साढ़े चार बजे बैंक लूटने जा पहुंचा। इसके लिये उसने एक बाइक चोरी की और लूट के लिए ऑनलाइन मिर्च स्प्रे और एयर पिस्टल मंगाई थी। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से वारदात में इस्तेमाल की गई बाइक, मिर्च स्प्रे जप्त की गई है। शनिवार को पुलिस ने आरोपी को अदालत में पेश कर रिमांड पर लेने की तैयारी की जा रही है।
