Spread the love

शौरीपुर नगरी में हुई ध्वजदंड की स्थापना –

रतलाम – मध्य प्रदेश की गोल्डन नगरी रतलाम में श्री आदिनाथ सीमंधर स्वामी दिगंबर जिन मंदिर का भव्य एवं मनोहारी निर्माण किया गया। जिसके निमित्त नूतन वर्ष 2025 का अभिनंदन श्री नेमीनाथ दिगंबर जिनबिंब पंचकल्याणक प्रतिष्ठा महोत्सव से होने जा रहा है जिसका सौभाग्य मिला है सकल दिगंबर जैन समाज सहित श्री आदिनाथ कुंदकुंद कहान दिगंबर जैन पारमार्थिक समिति रतलाम को, जिसके लिए ऋषभधाम सागौद में भव्य एवं सुंदर शौरीपुर नगरी बनाई गई है।
महोत्सव के मीडिया प्रभारी दीपक राज जैन ने बताया कि मंगल महोत्सव के प्रथम चरण में महोत्सव स्थल शौरीपुर नगरी में विधि विधान पूर्वक ध्वजदंड की स्थापना की गई। जिसमें प्रतिष्ठाचार्य रजनीभाई दोशी हिम्मतनगर, निर्देशन पंडित अश्विन शास्त्री नानावटी, कार्य अध्यक्ष एवं सौधर्म इंद्र राजकुमार अजमेरा, संजय गोधा, कीर्ति बडजात्या, मुकेश मोठीया के साथ जिनशासन सेवक संदीप, अजय, जिनेन्द्र सहित बड़ी संख्या में समाज बंधु उपस्थित रहे एवं सभी ने मिलकर भक्तिभाव पूर्वक मंगलगान के साथ ध्वजदंड की स्थापना की।
महोत्सव का शुभारंभ 10 जनवरी से –
श्री जैन ने बताया कि पंचकल्याणक महोत्सव का शुभारंभ 10 जनवरी को पूर्व क्रिया एवं ध्वजारोहण से होगा, 11 जनवरी को गर्भ कल्याणक महोत्सव, 12 जनवरी को जन्मकल्याणक महोत्सव, 13 जनवरी को तपकल्याणक महोत्सव, 14 जनवरी को ज्ञान कल्याणक महोत्सव एवं 15 जनवरी को मोक्षकल्याणक महोत्सव मनाकर नवीन जिन मंदिर में जिनबिंबों सहित मां जिनवाणी की स्थापना की जावेगी।
मंगल महोत्सव की सम्पूर्ण प्रतिष्ठा विधि प्रतिष्ठाचार्य पंडित रजनीभाई दोशी हिम्मतनगर सह प्रतिष्ठाचार्य सर्वश्री ब्रह्मचारी डॉक्टर मनोज जैन, श्रेणिक जैन जबलपुर, नन्हे भैया सागर, सुकमाल झांझरी उज्जैन एवं पंडित सुबोध शास्त्री शाहगढ़ कराएंगे। कुशल निर्देशन पंडित विराग शास्त्री जबलपुर, आश्विन शास्त्री नानावटी नौगामां एवं भूपेंद्र शास्त्री विदिशा करेंगे वहीं कुशल मंच संचालन पंडित संजय शास्त्री जेवर कोटा द्वारा किया जावेगा। इस अवसर पर राष्ट्रीय ख्याति प्राप्त विद्वानों के श्रीमुख से प्रतिदिन सुबह, दोपहर एवं रात्रि तीनों समय मां जिनवाणी का रसास्वादन करने का सौभाग्य सकल समाज को प्राप्त होगा, जिसमें सम्मिलित होकर धर्म लाभ लेने की अपील सकल जैन समाज से महोत्सव समिति के साथ श्री तत्व लहर महिला मंडल सहित सकल जैन समाज रतलाम द्वारा की गई !

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *