Spread the love


गुना । जिले के आरोन थाना क्षेत्र में प्रशासनिक टीम ने दो अलग-अलग दुकानों पर छापा मारकर 11 क्विंटल से अधिक अवैध पीडीएस का चावल जब्त किए। यह चावल प्रथम दृष्टया शासकीय उचित मूल्य की दुकान का पाया गया। संबंधित दुकान संचालकों के खिलाफ धारा 3/7 ईसी एक्ट के तहत मामले दर्ज किए गए हैं। कनिष्ठ आपूर्ति अधिकारी वर्षा बडोनिया ने बताया कि गत शाम करीब 4:45 बजे ग्राम बरखेड़ा हाट में हरिओम साहू पुत्र नाथूलाल साहू की दुकान की जांच की गई। दुकान के अंदर प्लास्टिक की बोरियों में 5 क्विंटल 62 किलो 250 ग्राम चावल पाया गया। मौके पर पंचनामा बनाकर चावल को एमपी वेयरहाउस आरोन में जमा किया गया।
इसी दिन, लगभग 3:30 बजे, बिना नाम की एक अन्य दुकान की जांच की गई। जो बब्लू उर्फ देवेंद्र सिंह साहू पुत्र सुंदरलाल साहू की बताई गई। यहां 6 क्विंटल 43 किलो 5 ग्राम चावल बरामद हुआ। यह चावल भी सरकारी योजना का प्रतीत हुआ। इसे भी पंचनामा बनाकर वेयरहाउस में जमा कराया गया।
थाने में प्राथमिकी दर्ज
दुकान संचालक हरिओम साहू और बब्लू साहू के खिलाफ धारा 3/7 ईसी एक्ट के तहत प्राथमिकी दर्ज की गई है। मामले की जांच आरोन पुलिस कर रही है। जिला प्रशासन और आपूर्ति विभाग की इस संयुक्त कार्रवाई से सरकारी राशन की कालाबाजारी पर लगाम लगाने का प्रयास किया जा रहा है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *