
:: इन्दौर सहित अनेक शहरों में एक दिन, एक समय और एक ही परिचय पुस्तिका से होंगे परिचय सम्मेलन ::
इन्दौर । समाज बंधुओ एवं विवाह योग्य युवक- युवतियों के पालकों के समय एवं धन की बचत के उद्देश्य से सनाढ्य ब्राह्मण सभा ने इस वर्ष भी युवक- युवती परिचय सम्मेलन का आयोजन राज्य के सभी प्रमुख समाज बाहुल्य जिलों में एक ही दिन, एक ही समय एवं एक ही परिचय पुस्तिका के आधार पर कराने का निर्णय लिया है। इन्दौर में रविवार 12 जनवरी को सुबह 10 बजे से राजीव गांधी चौराहा स्थित शुभकारज गार्डन पर होने वाले इस सम्मेलन का न्यौता समाज के बंधुओं को पीले चावल सहित देने का सिलसिला आज से शुरू कर दिया गया है।
सनाढ्य ब्राह्मण सभा इन्दौर के अध्यक्ष पं. देवेंद्र शर्मा एवं महासचिव पं. संजय जारोलिया ने बताया कि सनाढ्य ब्राह्मण समाज का यह 15वां परिचय सम्मेलन होगा, जिसमें 2 हजार से अधिक उच्च शिक्षित युवक-युवती प्रत्याशियों के भाग लेने की उम्मीद है । गत वर्ष हुए सम्मेलन में करीब 200 रिश्ते हुए थे। इस बार भी इन्दौर के साथ भोपाल, उज्जैन एवं कुछ अन्य जिलों में परिचय सम्मेलन एक ही दिन अर्थात 12 जनवरी को, एक ही समय अर्थात सुबह 10 बजे और एक ही परिचय पुस्तिका के आधार पर होंगे। गत वर्ष भी समाज स्तर पर किया गया यह प्रयोग काफी सार्थक एवं उपयोगी रहा है।
उपाध्यक्ष पं. भगवती शर्मा, पं. अनिल शर्मा एवं श्रीमती वंदना शर्मा ने बताया कि इन्दौर में होने वाले इस सम्मेलन की तैयारियां प्रारंभ हो चुकी है। देश-विदेश से प्रविष्ठियां मिलने का सिलसिला भी शुरू हो चुका है। आज संस्था के महिला मंडल की ओर से श्रीमती नीति दुबोलिया, ऊषा जोशी, सीमा शर्मा, वंदना शर्मा, पूर्णिमा शर्मा, घनिष्ठा शर्मा, सरिता वशिष्ठ एवं सुनीता उपाध्याय के मार्गदर्शन में अलग अलग टीमों ने शहर के सनाढ्य बाहुल्य क्षेत्रों में पीले चावल सहित घर घर पहुंचकर परिचय सम्मेलन का न्यौता दिया।सनाढ्य सभा के तत्वावधान में विभिन्न समितियों का गठन भी किया गया है। अनुमान है कि 2 हजार प्रविष्टियों के साथ इन्दौर सम्मेलन में 5 हजार से अधिक समाजबंधु आएंगे। इस अवसर पर बहुरंगी परिचय पुस्तिका प्रकाशन भी किया जा रहा है, जिसमें प्रत्याशियों के सचित्र विवरण दर्ज किए गए हैं। गत वर्ष की तरह इस वर्ष भी ऑनलाइन प्रविष्टियां ली गई है।
