
गाड़ियों की नंबर प्लेट के साथ उनका शेप बदल इंजन और चेसिस नंबर खराब कर देते थे
इन्दौर। मुखबिर सूचना पर क्राइम ब्रांच की टीम ने चोरी की महंगी गाड़ियां बेचने वाले शातिर गिरोह के चार सदस्यों को पकड़ उनके पास से करीब पिचहतर लाख रुपए कीमत की सात गाडियां बरामद की है। पकड़ाए गये सभी आरोपी मैकेनिक है और अपने गैरेज में आरोपी गाड़ियों के इंजन और चेसिस नंबर को भी खराब कर देते थे। ताकि उसकी पहचान ना हो सके। इसके अलावा ये गाड़ियों के नंबर प्लेट बदलने के साथ गाड़ियों के शेप भी बदल देते थे। डीसीपी क्राइम ब्रांच राजेश कुमार त्रिपाठी के अनुसार सूचना मिली थी कि चार संदिग्ध लोग चोरी की गाड़ियां बेचने के लिए ग्राहक तलाश रहे हैं। ये गाड़ियां राधिका कुंज कॉलोनी स्थित एक गैरेज के पास खड़ी थीं। सूचना के आधार पर क्राइम ब्रांच की टीम ने वहां पहुंचकर घेराबंदी की और चारों आरोपियों को पकड़ा। पकड़ाए आरोपियों के नाम वसीम खान पिता अब्दुल रसीद उम्र चालीस साल निवासी स्वर्ण बाग कॉलोनी, मितुल उर्फ अक्षय पिता नितीश डेविड उम्र चालीस साल निवासी गोल्डन फॉर्म सोसाइटी निरंजनपुर देवास नाका इंदौर, अमजद पिता अहमद खान उम्र बयालीस साल निवासी पाटनीपुरा मुगादम की चाल और आफताब पिता अकतर खान उम्र तैंतीस साल निवासी गौहर नगर खजराना है। पूछताछ में पुलिस ने इनकी निशानदेही पर इनके पास से सात चारपहिया वाहन बरामद किए हैं, जिनमें अर्टिगा, फॉरच्यूनर, एक्सेंट, आई-10, स्विफ्ट टूर, नेक्सॉन और बलेनो शामिल हैं। इन गाड़ियों की कुल कीमत करीब पचहत्तर लाख रुपए आंकी गई है। डीसीपी के अनुसार आरोपियों के खिलाफ विभिन्न धाराओं में केस दर्ज किया गया है। ये गाड़ियां चोरी की और अमानत में खयानत वाली भी है। ये गिरोह पिछले एक साल से सक्रिय है। फिलहाल पुलिस इनसे सख्ती से पूछताछ कर रही है पुलिस को और भी गाडियां बरामद होने की उम्मीद है।
