
अखिल भारतीय विद्युत क्रीड़ा नियंत्रण मण्डल कुश्ती प्रतियोगिता
जबलपुर। एमपी पावर मैनेजमेंट कंपनी की केन्द्रीय क्रीड़ा एवं कला परिषद के तत्वावधान में 46 वीं अखिल भारतीय विद्युत क्रीड़ा नियंत्रण मण्डल कुश्ती प्रतियोगिता में मेजबान एमपी पावर के पहलवान संतोष द्विवेदी ने पदक तालिका में अपनी टीम की आशा को जीवित बनाए रखा है। वे 92 किलोग्राम भार वर्ग के फाइनल में पहुंच गए। संतोष द्विवेदी राजस्थान राज्य विद्युत प्रसारण निगम लिमिटेड के पहलवान सुनील कुमार को बॉय फॉल से पराजित किया। एमपी पावर के आठ पहलवान तृतीय व चतुर्थ स्थान के लिए अपने प्रतिद्वंदी पहलवानों से मुकाबला करेंगे। वहीं हरियाणा पावर स्पोर्ट्स ग्रुप व हिमाचल प्रदेश राज्य विद्युत मण्डल के के पांच-पांच, पंजाब स्टेट पावर कार्पोरेशन लिमिटेड (पीएसपीसीएल) के तीन, महावितरण महाराष्ट्र के दो और टाटा पावर दिल्ली व मेजबान एमपी पावर के एक-एक पहलवान फाइनल मुकाबले में पहुंच गए। प्रतियोगिता का समापन व पुरस्कार वितरण समारोह 17 जनवरी को दोपहर 2.00 बजे तरंग प्रेक्षागृह में आयोजित किया गया है।
हल्के भार वर्ग में महावितरण महाराष्ट्र के पहलवान जीते-57 किलोग्राम भार वर्ग में महावितरण महाराष्ट्र के संभाजी जाधव ने एमपी पावर के राजेश सोंधिया को 10 अंको से पराजित किया। संभाजी जाधव ने एक अन्य कुश्ती में हरियाणा के अजमेर सिंह को बॉय फॉल से पराजित किया। 61 किलोग्राम भार वर्ग में हरियाणा के सुरेश कुमार ने महावितरण महाराष्ट्र के विनोद गायकवाड़ को 10 अंकों से हराया। महावितरण महाराष्ट्र के पहलवान विनोद गायकवाड़ ने एमपी पावर के वीरेन्द्र कुमार को पराजित किया। 65 किलोग्राम भार वर्ग में पदक के प्रबल विजेता महाराष्ट्र के राजकुमार वासुदेव ने एमपी पावर के पिंटू यादव को 10 अंकों से हराया। इसी भार वर्ग में टाटा पावर दिल्ली के राहुल ने पंजाब के भरत शर्मा को बॉय फॉल से पराजित किया। 70 किलोग्राम भार वर्ग में हरियाणा के हरेन्द्र ने महाराष्ट्र के अनंत गोपाल को बॉय फॉल से हराया। पंजाब के रनवीर सिंह ने एमपी पावर के ईश्वर सिंह को बॉय फॉल से हराया।
