
गोलबाजार स्थित शोरुम में शॉर्ट सर्किट से भड़की आग
जबलपुर। राईट टाउन गोल बाजार स्थित बच्चों के कपड़ों और खिलौनों के शोरुम लिटिल जंक्शन में सोमवार की सुबह आग लगने से लाखों रुपए के कपड़े और खिलौने जलकर राख हो गए| नगर निगम फायर बिग्रेड से प्राप्त जानकारी के अनुसार लालकुआं हनुमानताल निवासी शशिकांत सोनी के शोरुम लिटिल जंक्शन में सोमवार की सुबह 5.40 बजे अचानक धुआं और आग की लपटे निकलते देख क्षेत्रीय लोगों ने फायर बिग्रेड को घटना की सूचना दी| घटना की सूचना मिलते ही फायर बिग्रेड मौके पर पहुंची और कडी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया| प्राथमिक जांच-पड़ताल के बाद आग लगने का कारण शार्ट-सर्किट होना बताया जा रहा है।
लिटिल जंक्शन के संचालक श्री सोनी ने बताया कि रविवार रात करीब 10 बजे वह दुकान बंद कर घर चले गए थे। सुबह करीब 5:30 बजे दुकान के पड़ोस में रहने वाले परिवार ने फोन पर सूचना दी कि शो-रूम से आग निकल रही है। मौके पर पहुंचे तो फायर बिग्रेड की गाड़ियों से आग बुझाई जा रही थी। आग पूरी तरह से बुझने के बाद देखा तो अंदर रखे कपड़े और खिलौने पूरी तरह से जलकर खाक हो चुके थे। दुकान में लाखों रूपए कीमत का सामान रखा हुआ था। आग में कितने का नुकसान हुआ है, इसका आंकलन किया जा रहा है
